मथुरा में भारी विरोध के बाद सनी लियोनी का कार्यक्रम रद्द, संतों ने कहा- ब्रज में अश्लीलता स्वीकार नहीं
मथुरा (रॉयल बुलेटिन)। धर्मनगरी मथुरा में नए साल के जश्न में अश्लीलता परोसने की कोशिशों को साधु-संतों के कड़े विरोध के बाद नाकाम कर दिया गया। एक होटल में 1 जनवरी को आयोजित होने वाला बॉलीवुड अभिनेत्री सनी लियोनी का 'डीजे परफॉर्मेंस' कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया है। संत समाज ने इसे ब्रज की आध्यात्मिक गरिमा और धार्मिक परंपराओं पर चोट बताया था।
धर्माचार्यों ने खोला मोर्चा जैसे ही इस कार्यक्रम की भनक संत समाज को लगी, विरोध के स्वर तेज हो गए। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मामले के मुख्य याचिकाकर्ता दिनेश फलाहारी और अन्य संतों ने सोमवार को प्रदर्शन करते हुए आयोजकों के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर कार्यक्रम रद्द करने की मांग की। संतों का कहना है कि मथुरा भक्ति और उपासना का केंद्र है, यहाँ इस तरह के फूहड़ कार्यक्रम युवाओं को भक्ति के मार्ग से दूर ले जाते हैं और सनातन संस्कृति का अपमान करते हैं।
आयोजकों ने वापस लिया फैसला विरोध के बढ़ते दबाव के बीच होटल मालिक मितुल पाठक ने कार्यक्रम निरस्त करने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि यद्यपि वे सभी प्रशासनिक मानदंडों का पालन कर रहे थे, लेकिन संतों की नाराजगी और जनभावनाओं का सम्मान करते हुए कार्यक्रम रद्द करने का फैसला लिया गया है।
पुराना है विवादों का नाता यह पहली बार नहीं है जब सनी लियोनी का मथुरा में विरोध हुआ है। इससे पहले साल 2021 में उनके गाने 'मधुबन में राधिका नाचे' को लेकर भी भारी बवाल हुआ था। तब भी संतों ने इसे हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया था, जिसके बाद संगीत कंपनी को बदलाव करने पड़े थे। ताज़ा घटनाक्रम के बाद पूरे ब्रज क्षेत्र में शांति और मर्यादा बनाए रखने की अपील की गई है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
रॉयल बुलेटिन उत्तर भारत का प्रमुख हिंदी दैनिक है, जो पाठकों तक स्थानीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरें तेज़, सटीक और निष्पक्ष रूप में पहुँचाता है, हिंदी पत्रकारिता का एक भरोसेमंद मंच !
