जौनपुर पुलिस ने ग्राहक सेवा केंद्र संचालक हत्याकांड का किया खुलासा, दो गिरफ्तार
-प्रधानी चुनाव में रंजिश के कारण हुई थी हत्या
जौनपुर। उत्तर प्रदेश जनपद जौनपुर में खुटहन थाना अंतर्गत बीते दिनों एक ग्राहक सेवा संचालक की हुई हत्या का सोमवार को अपर पुलिस पुलिस अधीक्षक शहर आयुश श्रीवास्तव ने खुलासा कर दिया। उन्हाेंने बताया कि चुनावी रंजिश में फूलचंद की हत्या की गई है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों राजेश यादव और अंकित गुप्ता को गिरफ्तार किया है। यह घटना 26 दिसंबर 2025 को हुई थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपियों को वनुआडीह तिराहे से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान, पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया ईंट का टुकड़ा, मृतक के दुकान से एक स्क्रीन टच मोबाइल (जिसमें वोडाफोन सिम था) और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की।
गिरफ्तार आरोपी राजेश यादव ने पुलिस को बताया कि उसने वर्ष 2005 में प्रधानी का चुनाव लड़ा था, जिसमें वह हार गया था। वर्ष 2015 में सीट सुरक्षित होने पर मृतक फूलचंद ने चुनाव लड़ा था। राजेश यादव ने अपनी ओर से रामश्रृंगार पासवान को चुनाव लड़वाया था, जो जीत गए थे। तभी से फूलचंद उससे रंजिश रखते थे। राजेश को आशंका थी कि फूलचंद उसे नुकसान पहुंचा सकते हैं।
राजेश यादव ने बताया कि 26 दिसंबर 2025 की सुबह वह अंकित गुप्ता के साथ फूलचंद के जनसेवा केंद्र पर पहुंचा। उसने फूलचंद से इस बार चुनाव न लड़ने के लिए कहा। इसी दौरान दोनों के बीच बात बढ़ गई। आवेश में आकर राजेश ने दुकान के पास रखी ईंट उठाकर फूलचंद पर वार कर दिया। अंकित गुप्ता ने भी राजेश का साथ दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों ने दुकान का शटर बंद कर दिया और मोटरसाइकिल से फरार हो गए। उन्होंने फूलचंद का मोबाइल एनएनसी स्कूल के अहाते में फेंक दिया था। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने गांव वालों के साथ मिलकर पुलिस और फूलचंद के परिवार की हर गतिविधि पर नजर रखी, ताकि किसी को उन पर शक न हो, लेकिन वे पुलिस की नजरों से बच नहीं पाए और पकड़े गए। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राजेश यादव पुत्र स्व० पारस यादव, निवासी ग्राम पनौली, थाना खुटहन, जनपद जौनपुर ( 59) और अंकित गुप्ता पुत्र संतोष गुप्ता, निवासी ग्राम पनौली, थाना खुटहन, जनपद जौनपुर (18) के रूप में हुई है।
