मेरठ। सितंबर का आधा महीना बीतने के बावजूद मेरठ में गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं। गुरुवार सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण शहरवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो-तीन दिन तक मौसम में कोई खास बदलाव नहीं आने वाला है और शुष्क मौसम बना रहेगा। दिन का तापमान लगातार 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यू.पी. शाही ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना बहुत कम है और गर्मी में और बढ़ोतरी हो सकती है। उन्होंने कहा कि दिन के तापमान में 1 से 2 डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है। इसके साथ ही, उमस और प्रदूषण में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
रात के तापमान में भी हल्की वृद्धि देखी गई है, जिससे रातें भी अब गर्म लगने लगी हैं। मानसून के लौटने का समय नजदीक है, लेकिन इसके पहले अच्छी बारिश की संभावना बेहद कम बताई जा रही है। पिछले कुछ दिनों से लोगों को मौसम से कोई राहत नहीं मिली है।