13 दिन में कार्रवाई की बौछार: एआरटीओ ने 31 डंपर सीज, HSRP न होने पर 35 वाहनों पर बरसा 10 लाख का जुर्माना
Rampur News: जिले में एआरटीओ टीम ने 13 दिनों तक विशेष अभियान चलाकर ओवरलोडिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान 31 डंपरों को ओवरलोड पाए जाने पर सीज कर दिया गया, जबकि 35 डंपरों का हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) नहीं होने के कारण चालान काटा गया। कुल मिलाकर करीब 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
मौत बनकर दौड़ते डंपर अब एआरटीओ की रडार पर
सिर्फ आधे महीने में 31 डंपर सीज और 35 चालान-संख्या साफ बताती है हालात
आंकड़ों के अनुसार, 1 नवंबर से 13 नवंबर के बीच एआरटीओ ने ओवरलोड मिलने पर 31 डंपरों को सीज किया। साथ ही 35 डंपरों के चालान इसलिए काटे गए क्योंकि वाहनों में हाई सिक्योरिटी प्लेट लगी ही नहीं थी। इस कड़ी कार्रवाई से डंपर चालकों में हड़कंप मच गया है।
रात में बढ़ जाता है अवैध संचालन
एआरटीओ राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि रात 10 बजे के बाद डंपर चालक अधिक सक्रिय हो जाते हैं और स्वार, टांडा और शाहबाद पटवाई रोड पर धड़ल्ले से डंपर दौड़ते हैं। अधिकारियों के डर से चालक तेज गति से वाहन भगाते हैं, जिससे हादसे बढ़ रहे हैं। राम रहीम पुल पर कई बार गंभीर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
सड़क सुरक्षा पर बड़ा जोर
उपसंभागीय परिवहन विभाग ने रॉन्ग साइड वाहन चालकों पर भी बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान 88 वाहनों के चालान रॉन्ग साइड चलने पर किए गए। इसके अलावा 27 वाहन चालक ऐसे पकड़े गए, जो बिना सीट बेल्ट के वाहन चला रहे थे। इस कार्रवाई से टू-व्हीलर से लेकर फोर-व्हीलर चालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है।
