सहारनपुर में पेपर मिल से 47 मोटर चोरी करने वाले 5 शातिर गिरफ्तार, शत-प्रतिशत माल बरामद

सहारनपुर । जनपद सहारनपुर की थाना बिहारीगढ़ पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए श्री गणेश पेपर इंडस्ट्री में हुई बड़ी चोरी की घटना का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से चोरी की गई सभी 47 बिजली की मोटरें और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद कर लिए गए हैं।
सतपुरा के पास से हुई गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सतपुरा में स्थित श्री गणेश पेपर इंडस्ट्री से अज्ञात चोरों ने भारी मात्रा में बिजली की मोटरें चोरी कर ली थीं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी करते हुए पांचों अभियुक्तों को ग्राम सतपुरा के पास से उस समय दबोच लिया, जब वे माल को ठिकाने लगाने की फिराक में थे।
चोरी का सारा माल और हथियार बरामद
ये भी पढ़ें मुरादाबाद: शॉर्ट सर्किट से स्क्रैप गोदाम में लगी भीषण आग, राख हुए लाखों के फ्रिज-वॉशिंग मशीनपुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर फैक्ट्री से चोरी की गई 2 एचपी की सभी 47 बिजली की मोटरें बरामद कर ली हैं। इसके अलावा पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल किया गया एक टाटा एस गोल्ड (छोटा हाथी), एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और चोरी करने के उपकरण भी जब्त किए हैं। जामा तलाशी के दौरान अभियुक्तों के पास से तीन अवैध तमंचे (315 बोर) और पांच जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं, जिससे स्पष्ट है कि ये अपराधी किसी भी वारदात को अंजाम देने के लिए हथियारों से लैस रहते थे।
बढ़ी धाराएं और कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने इस मामले में प्रभावी पैरवी करते हुए मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस (BNS) और 3/25 आर्म्स एक्ट की वृद्धि कर दी है। पकड़े गए आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की इस त्वरित और सफल कार्रवाई की क्षेत्र के व्यापारियों और उद्यमियों ने जमकर सराहना की है। लोगों का कहना है कि शत-प्रतिशत माल बरामदगी से पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हुआ है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
गौरव सिंघल सहारनपुर के एक अनुभवी और प्रतिष्ठित पत्रकार हैं, जो पिछले 18 वर्षों (2007 से) से मीडिया जगत में सक्रिय हैं। पत्रकारिता की बारीकियां उन्होंने विरासत में अपने पिता के मार्गदर्शन में 'अमर उजाला' और 'हिन्दुस्तान' जैसे संस्थानों से सीखीं।
अपने लंबे करियर में उन्होंने इंडिया टुडे (फोटो जर्नलिस्ट), शुक्रवार, इतवार, दैनिक संवाद और यूपी बुलेटिन जैसे दर्जनों प्रतिष्ठित समाचार पत्रों व पत्रिकाओं में अपनी सेवाएं दीं। लेखनी के साथ-साथ कुशल फोटो जर्नलिस्ट के रूप में भी उनकी विशिष्ट पहचान है।
विभिन्न राष्ट्रीय व क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में अनुभव प्राप्त करने के बाद, वर्तमान में गौरव सिंघल सहारनपुर से 'रॉयल बुलेटिन' के साथ जुड़कर अपनी निष्पक्ष और गहरी रिपोर्टिंग से संस्थान को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।

टिप्पणियां