सहारनपुर में स्कूल बच्चों को दिलाई गई भ्रष्टाचार मुक्त भारत की शपथ

सहारनपुर। एंटी करप्शन फाउंडेशन ऑफ इंडिया की टीम ने स्कूली बच्चों को भ्रष्टाचार के बारे में अवगत कराकर उन्हें भ्रष्टाचार मुक्त समाज एवं भारत का निर्माण करने के लिए सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।
स्थानीय दिल्ली रोड स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर गगनदीप ने एंटी करप्शन फाउंडेशन ऑफ़ इंडिया के बारे में जानकारी देते हुए संगठन द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाये जा रहे जागरूकता अभियान पर प्रकाश डाला। राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव गाबा ने कहा कि जो सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा बच्चों को कराई जाती है, उसके बारे में सभी को जागरूक होना जरूरी है, क्योंकि हमारे देश की आर्थिक सामाजिक, राजनीतिक प्रगति में भ्रष्टाचार एक बहुत बड़ी बाधा है। प्रत्येक नागरिक को सतर्क एवं ईमानदार होना चाहिये और भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ अभियान में साथ देना चाहिये। क्योंकि विकसित भारत अभियान में यह सबसे बड़ा रोड़ा है। उन्होंने कहा कि देश को भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने के लिए कई तरह के अभियान चलाने होगे।
उसी अभियान क्रम में संगठन द्वारा ज्यादा से ज्यादा लोगो, स्कूल, कॉलेज एवं अन्य संस्थाओं में सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाकर जागरूक किया जा रहा है। स्कूल प्रधानाचार्य आदेश सिसौदिया ने कहा कि एंटी करप्शन फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा सभी स्कूलों में भ्रष्टाचार मुक्त भारत की जो मुहिम शपथ के रूप में चलायी जा रही है, वह एक अच्छा प्रयास साबित होगा। इस अवसर एसीएफआई के मुख्य पदाधिकारी गुलशन वाधवा, गगन गुलाटी, प्रिंस बतरा, अपूर्व वर्मा,गगनदीप सिंह, एसीएफआई सहारनपुर महिला सेल से नीना ढींगरा एवं डॉक्टर रिचा भटनागर आदि उपस्थित रहे।