सहारनपुरः एसएसपी आशीष तिवारी ने बीट प्रणाली की समीक्षा की, उत्कृष्ट प्रदर्शन पर चार पुलिसकर्मी सम्मानित
सहारनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने मुख्य आरक्षी व आरक्षियों से थानों पर कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं के विषय में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान 05 मुख्य आरक्षी व आरक्षियों ने रहने एवं खाने की समस्या बताई गई, जिस पर एसएसपी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित प्रतिसार निरीक्षकों को उक्त समस्याओं का निस्तारण तत्काल करने के निर्देश जारी किए।
एसएसपी आशीष तिवारी आज यहां पुलिस लाइन स्थित अपने कार्यालय में जनपद में बीट प्रणाली को सशक्त, प्रभावी एवं जनसंपर्क आधारित बनाए जाने के उद्देश्य से एक आकस्मिक समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बीट प्रणाली पुलिसिंग का सबसे मजबूत आधार है। यदि बीट स्तर पर सूचनाएं और जनसंपर्क सशक्त होंगे, तो अपराध नियंत्रण और जनता का विश्वास दोनों सुनिश्चित होंगे। इस मौके पर जनपद के समस्त थानों से कुल 51 बीट मुख्य आरक्षी व आरक्षी को तलब कर उनकी बीट बुक को चैक किया गया।
समीक्षा के दौरान बीट क्षेत्र में गणमान्य व्यक्तियो की जानकारी, अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों की पहचान, विवादों की स्थिति तथा सी-प्लान की अद्यतन स्थिति से संबंधित प्रविष्टियों की चैकिंग की गई। इस दौरान कुछ मुख्य आरक्षी व आरक्षियों की बीट बुक प्रविष्टियां अपूर्ण पाई गईं तथा कुछ के पास अपने बीट क्षेत्र की पर्याप्त जानकारी का अभाव पाया गया। उन कर्मचारियों को शीघ्र बीट बुक पूर्ण कर अध्यावधिक करने के लिए आदेशित किया गया।
इस दौरान चार मुख्य आरक्षी व आरक्षियों थाना कोतवाली नगर के हैड कांस्टेबल सोनू कुमार, थाना देवबंद के कांस्टेबल शुभम सिंह, गौरव कुमार व थाना सरसावा के कांस्टेबल सुमित वर्मा को उनके बीट क्षेत्र में बेहतर जानकारी, अनुशासन, अभिलेख रख-रखाव एवं जनसंपर्क के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए एक हजार रूपये का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा बीट बुक की प्रविष्टियों में लापरवाही एवं अपूर्णता पाए जाने पर थाना बेहट के जसवंत सिंह, थाना गंगोह के नितिन कुमार, थाना तीतरो के हैड कांस्टेबल मनोज कुमार व थाना सदर बाजार के हैड कांस्टेबल अमित कुमार को कड़ी चेतावनी दी गई।
