सहारनपुर में आम के बाग में युवक का शव पेड़ से लटका मिला, पुलिस जांच में जुटी

सहारनपुर। सहारनपुर जनपद के कस्बा रामपुर मनिहारान के दिल्ली रोड पर मोहल्ला इकराम निवासी जॉनी (29) का शव आम के बाग में पेड़ से लटका हुआ मिला है। सूचना पर सीओ नकुड़ अशोक सिसौदिया ने पुलिस के साथ घटना स्थल पर पहुंच जांच पड़ताल की। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या मानकर चल रही है।
जानकारी के अनुसार कस्बा रामपुर मनिहारान के दिल्ली रोड पर आम के बाग के पास महिला घास काट रही थी। महिला ने युवक को पेड़ से लटका देखा। तभी उसने शोर मचा दिया। शोर सुनकर भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की पहचान कस्बे के मोहल्ला इकराम निवासी जॉनी के रूप में हुई है। इसके बाद परिजनों को बुलाया गया। उन्होंने बताया कि जॉनी रात के वक्त घर से निकला था लेकिन नहीं लौटा।
उन्होंने उसकी तलाश भी की पर पता नहीं चल सका। वह अक्सर घर से काफी-काफी देर तक गायब रहता था। ऐसे में उन्होंने पुलिस को भी खबर नहीं की। जॉनी मजदूरी का कार्य करता था। उसकी शादी नहीं हुई थी। परिजनों ने भी किसी से कोई रंजिश होने से इंकार किया है। पुलिस ने बताया प्रथम दृष्टया आत्महत्या है। सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही पता चलेगी।