उन्नाव में तेज रफ्तार कार ने मजदूरों को कुचला,चार की मौत,दो घायल

उन्नाव। उत्तर प्रदेश के जनपद उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को सड़क हादसे में चार मजदूराें की मौत हो गई। वहीं दो लाेग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने बताया कि बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र अंतर्गत माइलस्टोन 257 से 258 के बीच गंगा एक्सप्रेस-वे को जोड़ने के लिए इंटरचेंज बन रहा है। इसमें भारी संख्या में मजदूर काम कर रहे हैं। इस दौरान लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर आज सुबह एक तेज रफ्तार आर्टिका कार (एचआर 51 सीसी 2380) डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन पर काम कर रहे कर्मचारियों को रौंदते हुए पलट गई।
घटना के बाद हाइवे पर वाहनों का भीषण जाम लग गया। सूचना पाकर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हादसे में मृत चार कर्मियाें के शवों को कब्जे में लेकर पाेस्टमार्टम के लिए भेजा। जबकि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। सभी मृतक अपने परिवार के अकेले कमाने वाले थे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
एसपी ने बताया कि घटना में प्रत्यक्षदर्शियों से पता चला है कि कार का टायर फटने की वजह से चालक नियंत्रण खो बैठा और कार बेकाबू हाेकर डिवाइडर को तोड़ते हुए मजूदरों को रौंदते हुए निकल गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।