मुज़फ्फरनगर न्यूज़ : खतौली के पमनावली में 11 हजार वोल्ट की लाइन टूटने से मचा तांडव, लाखों का सामान राख
घरों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन बनी मौत का साया; एसडीएम निकिता शर्मा से ग्रामीणों ने की लाइन हटवाने की मांग
खतौली। थाना क्षेत्र के गांव पमनावली में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार टूटकर एक मकान पर गिर पड़ा। तार टूटते ही हुए जोरदार ब्लास्ट और आगजनी से ग्रामीणों के लाखों रुपये के विद्युत उपकरण जलकर राख हो गए। गुस्साए ग्रामीणों ने तहसील पहुंचकर एसडीएम निकिता शर्मा को प्रार्थना पत्र सौंपा और घरों के ऊपर से गुजर रही इस जानलेवा लाइन को तुरंत हटवाने की मांग की।
घर में लगी आग, बेजुबान बछिया भी झुलसी
पमनावली निवासी पीड़ितों ने बताया कि शनिवार सुबह अचानक 11 हजार वोल्ट की लाइन टूटकर मकान पर आ गिरी। इससे घर के भीतर भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से बच्चों की पढ़ाई के लिए रखा कंप्यूटर, इन्वर्टर और अन्य कीमती बिजली के उपकरण जलकर नष्ट हो गए। दिल दहला देने वाली इस घटना में आंगन में बंधी एक बछिया भी करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गई। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
घरों के भीतर लगे हैं 12 खंभे, विभाग बेखबर
तहसील पहुंचे नरेश, विजेंद्र, सुख सिंह, विनोद, पिंटू, मनोज, विकास और डॉ. समय सिंह समेत दर्जनों ग्रामीणों ने बताया कि बिजली घर के सामने उनके मकानों के ऊपर से यह हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। आलम यह है कि घरों के अंदर लगभग 12 खंभे लगे हैं और बाहर एक भारी-भरकम ट्रांसफार्मर भी रखा है। ग्रामीणों का आरोप है कि वे पिछले कई वर्षों से इस लाइन को हटवाने के लिए विभाग के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अधिकारी किसी बड़े हादसे का इंतज़ार कर रहे हैं।
अधिकारियों का तर्क: लाइन पुरानी, मकान बाद में बने
इस मामले में अधिशासी अभियंता देवेंद्र कुमार का कहना है कि गांव में यह 11 हजार वोल्ट की लाइन वर्षों पुरानी है और कुछ ग्रामीणों ने लाइन के नीचे मकान बना लिए हैं। हालांकि, उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों की समस्या का संज्ञान लेकर जल्द ही इसका उचित समाधान कराया जाएगा। फिलहाल, ग्रामीणों में बिजली विभाग की इस कार्यशैली को लेकर गहरा रोष व्याप्त है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
वरिष्ठ पत्रकार आरिफ सिद्दीकी पिछले 32 वर्षों से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार के एक अभिन्न स्तंभ हैं। मुज़फ्फरनगर के खतौली क्षेत्र की ज़मीनी समस्याओं और विकास के मुद्दों पर उनकी पकड़ बेमिसाल है। तीन दशकों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारिता करियर में उन्होंने हमेशा सत्य और निष्पक्षता का मार्ग चुना है। विश्वसनीय रिपोर्टिंग और क्षेत्रीय विषयों पर उनकी गहरी समझ उन्हें क्षेत्र के सबसे अनुभवी पत्रकारों की श्रेणी में खड़ा करती है। खतौली की खबरों के लिए उनसे 9897846483 पर संपर्क किया जा सकता है।

टिप्पणियां