मुजफ्फरनगर: कुट्टू का जहरीला आटा खाने से दो परिवारों के 10 लोग बीमार; खाद्य विभाग का 'हंटर' चला, बुढ़ाना में दुकान खुलवाकर लिए सैंपल, मोरना में भी छापेमारी
खाद्य सुरक्षा विभाग दुकानें खुलवाकर लिए गए नमूने, मिलावटखोरों में मचा हड़कंप

मुजफ्फरनगर/बुढ़ाना/मोरना। त्योहारों के सीजन में मिलावटखोरों की सक्रियता आम जनता की जान पर भारी पड़ने लगी है। जनपद के बुढ़ाना और मोरना क्षेत्रों में शनिवार को कुट्टू के आटे से बने पकवान खाने के बाद दो परिवारों के करीब 10 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। घटना का संज्ञान लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने रविवार को ताबड़तोड़ छापेमारी की। बुढ़ाना में विभाग ने बंद दुकान को संचालक के घर से बुलवाकर खुलवाया और आटे के सैंपल लिए, वहीं मोरना में भी मानकों की अनदेखी पर दुकानदारों को कड़ी फटकार लगाई गई।
बुढ़ाना: एक ही परिवार के 9 लोग हुए फूड पॉइजनिंग के शिकार
बुढ़ाना कस्बे के नदी मंदिर रोड स्थित 'वीर किरयाना स्टोर' से खरीदे गए कुट्टू के आटे ने एक ही परिवार के 9 लोगों को अस्पताल पहुँचा दिया। रविवार सुबह जब सहायक आयुक्त अर्चना धीरान के नेतृत्व में टीम छापेमारी के लिए पहुँची, तो दुकान बंद मिली। विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए संचालक संदीप कुमार जैन को घर से बुलवाया और मौके पर दुकान खुलवाकर विधिक नमूने लिए। नमूनों को तत्काल लैब टेस्टिंग के लिए भेज दिया गया है।
मोरना: नवरात्र व्रत में कचौरी खाते ही बिगड़ी मां-बेटी की हालत
ये भी पढ़ें तेज़ आंधी बारिश ने किसानों के अरमानों पर फेरे पानी,सैकड़ों एकड़ में लगे मकई के पौधे हुए जमींदोजउधर, मोरना निवासी सत्येंद्र पाल के परिवार में भी कुट्टू के आटे की कचौरी खाने से हड़कंप मच गया। शनिवार देर शाम भोजन के बाद सत्येंद्र की पत्नी सुधा (38) और पुत्री खुशी (15) को उल्टियां और चक्कर आने लगे। रविवार को उन्हें मोरना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। डॉ. अनिल कौशिक ने बताया कि दूषित आटे के सेवन से 'फूड पॉइजनिंग' हुई है। ग्राम प्रधान सर्वेंद्र राठी ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ितों का हाल जाना और मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रशासन की चेतावनी: मिलावट मिली तो होगी सीधी जेल
सहायक आयुक्त अर्चना धीरान ने स्पष्ट किया कि जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने दुकानदारों को हिदायत दी है कि वे केवल शुद्ध खाद्य सामग्री ही बेचें। यदि लैब रिपोर्ट में मिलावट या पुराने स्टॉक की पुष्टि होती है, तो संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। प्रशासन ने जनता से भी अपील की है कि त्योहारों पर सामान खरीदते समय सतर्क रहें।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ओ.पी. पाल पिछले साढ़े तीन दशकों से पत्रकारिता में सक्रिय एक प्रतिष्ठित नाम हैं। भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त (P.I.B. Accredited) वरिष्ठ पत्रकार श्री पाल ने लंबे समय तक लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही के साथ-साथ गृह, रक्षा और कृषि जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की नेशनल ब्यूरो स्तर पर रिपोर्टिंग की है।
अमर उजाला और दैनिक जागरण से पत्रकारिता की शुरुआत करने वाले श्री पाल ने 'शाह टाइम्स' में न्यूज़ एडिटर और 'हरिभूमि' (दिल्ली) में वरिष्ठ संवाददाता के रूप में लंबी सेवाएं दी हैं। राजनीति विज्ञान और कृषि के विशेषज्ञ होने के साथ-साथ वे 'साहित्य रत्न' से भी विभूषित हैं। वर्तमान में वे एक स्वतंत्र पत्रकार और स्तंभकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां