पीएम मोदी का 75वां जन्मदिन, नेताओं ने दी शुभकामनाएं, सेवा पखवाड़े की हुई शुरुआत

नई दिल्ली- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर देशभर से बधाइयों का दौर जारी है। केंद्रीय मंत्रियों से लेकर राज्यों के मुख्यमंत्रियों, विधानसभा अध्यक्षों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व, दूरदर्शिता और राष्ट्र सेवा की सराहना की।
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भावुक होते हुए कहा कि पीएम मोदी ने मां की अर्थी को कंधा देने के बाद भी एक दिन की छुट्टी नहीं ली। उन्होंने प्रार्थना की कि प्रधानमंत्री 100 वर्ष तक स्वस्थ जीवन जिएं। मांझी ने अंतरिक्ष, विज्ञान और विकास के क्षेत्र में मोदी के योगदान को ऐतिहासिक बताया।
छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने मोदी को “क्रांतिकारी परिवर्तन का प्रतीक” बताते हुए कहा कि उन्होंने देश को सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हुए विकसित भारत की ओर अग्रसर किया है। वहीं, राज्य के मंत्री केदार नाथ कश्यप ने उन्हें “आधुनिक भारत का विश्वकर्मा” करार दिया।
छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाने की घोषणा की। महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर और मंत्री आशीष शेलार ने भी पीएम मोदी को शुभकामनाएं दीं। राज्यसभा सांसद उज्ज्वल निकम ने वैश्विक मंच पर भारत की मजबूत छवि का श्रेय उनके नेतृत्व को दिया।
उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने उन्हें “भारत माता का सच्चा सपूत” और “आधुनिक भारत का शिल्पकार” कहा। उन्होंने महिलाओं के कल्याण के लिए शुरू की गई योजनाओं की सराहना की। यूपी के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भी उनके नेतृत्व में देश की विकास यात्रा को ऐतिहासिक बताया।
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने मोदी के साथ अपने तीन दशक पुराने संबंध को याद करते हुए कहा कि उनका दृष्टिकोण हमेशा समाधान-केंद्रित रहा है, जो प्रेरणा देता है। भाजपा सांसद वीडी शर्मा ने छात्र राजनीति के दिनों को याद कर कहा कि मोदी की बातें उनकी कार्यप्रणाली को आज भी प्रभावित करती हैं।
भाजपा की वरिष्ठ नेत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि पीएम मोदी की सोच हमेशा जमीनी हकीकत से जुड़ी होती है। उन्होंने आंगनवाड़ी सेवाओं के डिजिटाइजेशन का उदाहरण देते हुए कहा कि आज देशभर में लाखों कार्यकर्ता डिजिटल प्रशिक्षण से लैस हैं और बच्चों के पोषण की निगरानी पहले से कहीं अधिक प्रभावी हो गई है।
देशभर में पीएम मोदी का जन्मदिन उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। भाजपा ने इस अवसर पर 15 दिन का सेवा पखवाड़ा भी शुरू किया है, जो राष्ट्र सेवा के प्रति उनके समर्पण को रेखांकित करता है।
लेखक के बारे में

रॉयल बुलेटिन उत्तर भारत का प्रमुख हिंदी दैनिक है, जो पाठकों तक स्थानीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरें तेज़, सटीक और निष्पक्ष रूप में पहुँचाता है, हिंदी पत्रकारिता का एक भरोसेमंद मंच !