मुजफ्फरनगर में बड़ा एनकाउंटर: 50 हजार का इनामी बदमाश अमजद ढेर, पुलिस टीम पर कार्बाइन से बरसाईं गोलियां
एसपी देहात और सीओ की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी गोली, दो पुलिसकर्मी घायल; 4 राज्यों में आतंक का पर्याय था 40 मुकदमों का आरोपी अमजद
मुजफ्फरनगर। जनपद के बुढ़ाना थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश अमजद मारा गया। करीब 25 मिनट तक चली इस मुठभेड़ में बदमाश ने पुलिस टीम पर कार्बाइन और पिस्टल से करीब 20 राउंड अंधाधुंध फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में अमजद को गोली लगी, जिसकी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना में एक दरोगा और एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हुए हैं।
तड़के करीब 3:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि शातिर अपराधी अमजद अपने गांव की ओर आ रहा है। घेराबंदी के दौरान बदमाश ने सरेंडर करने के बजाय सीधे अफसरों पर फायरिंग झोंक दी। फायरिंग इतनी जबरदस्त थी कि एसपी देहात आदित्य बंसल, सीओ गजेंद्र सिंह और कोतवाल सुभाष अत्री की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोलियां लगीं। पुलिस वाहनों के शीशे भी चकनाचूर हो गए। मुठभेड़ में दरोगा संदीप चौधरी और सिपाही अशफाक हाथ में गोली लगने से घायल हुए हैं।
वर्दी पहनकर लूट और 5 किलो सोने की डकैती:
40 वर्षीय अमजद शाहपुर का रहने वाला था और उस पर यूपी, राजस्थान, दिल्ली व उत्तराखंड में हत्या, लूट और डकैती के 40 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। 2021 में राजस्थान के चूरू में मुथूट फाइनेंस से 5 किलो सोना लूटने की वारदात के बाद वह सुर्खियों में आया था। अमजद अक्सर पुलिस की वर्दी पहनकर वारदातों को अंजाम देता था। मौके से पुलिस ने एक 9 एमएम कार्बाइन, एक पिस्टल, बाइक और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए हैं।
जीरो टॉलरेंस बनाम हाई कोर्ट की गाइडलाइंस:
यह एनकाउंटर ऐसे समय में हुआ है जब यूपी में 'एनकाउंटर पॉलिसी' पर बहस छिड़ी हुई है। एक ओर सीएम योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में 'जीरो टॉलरेंस' दोहराते हुए कहा था कि 'अगर अपराधी गोली चलाएगा तो पुलिस भी पिस्तौल का इस्तेमाल करेगी', वहीं दूसरी ओर पिछले हफ्ते ही इलाहाबाद हाई कोर्ट ने 'हाफ एनकाउंटर' के बढ़ते मामलों पर नाराजगी जताते हुए 6 सूत्री गाइडलाइंस जारी की थीं। कोर्ट ने चेतावनी दी थी कि बिना ठोस वजह और नियमों के उल्लंघन पर पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)
Youtube – https://www.youtube.com/@RoyalBulletinIndia
Facebook – https://www.facebook.com/royalbulletin
Instagram: https://www.instagram.com/royal.bulletin/
Twitter – https://twitter.com/royalbulletin
Whatsapp – https://chat.whatsapp.com/Haf4S3A5ZRlI6oGbKljJru
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप त्यागी पिछले दो दशकों (20 वर्ष) से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक अटूट और विश्वसनीय स्तंभ हैं। दो दशकों के अपने इस लंबे सफर में आपने मुज़फ्फरनगर की हर छोटी-बड़ी राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक हलचल को बेहद करीब से देखा और अपनी लेखनी से जनता की आवाज़ बुलंद की है। वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में जिला प्रभारी की ज़िम्मेदारी निभा रहे श्री त्यागी अपनी ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए पूरे जिले में पहचाने जाते हैं। जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9027803022 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां