गाज़ियाबाद में दिवाली के चलते NH-9 पर लंबा जाम, सेक्टर-62 से छिजारसी तक ठप रहा ट्रैफिक



गाज़ियाबाद। दिवाली के त्योहार के चलते रविवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-9 (NH-9) पर ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई। नोएडा के सेक्टर-62 से लेकर छिजारसी कनावनी पॉइंट तक वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लगी रहीं। सुबह करीब 7:28 बजे यह जाम शुरू हुआ, जिससे यात्री घंटों तक फंसे रहे।
सुबह के समय जब लोग अपने कामकाज और सफर के लिए निकले, तभी एनएच-9 पर वाहनों की रफ्तार थम गई। स्थिति इतनी खराब रही कि बसों में बैठे यात्रियों को जान जोखिम में डालकर बीच सड़क पर ही उतरना पड़ा और वे अपनी मंज़िल तक पहुंचने के लिए पैदल ही सड़क किनारे चलते दिखाई दिए।
आवश्यक सेवाओं पर असर
हाईवे पर जगह-जगह वाहन खड़े रहने के कारण एम्बुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं पर भी बुरा असर पड़ा। यात्रियों ने बताया कि यह जाम इस रूट पर कोई नया नहीं है, आए दिन ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई रहती है, लेकिन त्योहार के चलते आज हालात और भी बदतर हो गए।
यात्रियों ने लगाए गंभीर आरोप
यात्रियों का कहना है कि हाईवे पर बसें भी नो-एंट्री जोन में सवारियाँ भरती दिखाई दीं, जिससे जाम की स्थिति और बिगड़ गई। लोगों ने इसके लिए ट्रैफिक पुलिस की लापरवाही और अव्यवस्थित रूट डायवर्जन को जिम्मेदार ठहराया है।
जाम में फंसे लोगों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि सुबह से लेकर अब तक वे जाम में फंसे हैं, लेकिन पुलिस कहीं दिखाई नहीं दे रही। उन्होंने चेतावनी दी कि लोग अपनी जान पर खेलकर बसों में चढ़-उतर रहे हैं, अगर जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
जनता ने उच्च अधिकारियों से अपील की है कि इस जाम की गंभीरता को देखते हुए जल्द से जल्द एक स्थायी समाधान निकाला जाए ताकि लोगों को इस रोजमर्रा की समस्या से राहत मिल सके।