गाजियाबाद: एनएच-9 पर कार सवार युवक को बेरहमी से पीटा, नकदी और सोने की चेन लूटी
गाजियाबाद । थाना कविनगर क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर सामूहिक मारपीट और लूटपाट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक ब्रेजा कार सवार युवकों ने मामूली टक्कर के बाद दूसरी कार के चालक को सड़क पर खींचकर बेरहमी से पीटा और उससे हजारों की नकदी, मोबाइल व सोने की चेन लूट ली। पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल कराकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
सड़क के बीचों-बीच खड़ी कार से टकराने पर बढ़ा विवाद
ये भी पढ़ें नोएडा में डीडीआरडब्ल्यूए ने प्राधिकरण एसीईओ संग की बैठक, समस्याओं के समाधान के लिए सौंपा ज्ञापन जानकारी के अनुसार, हापुड़ के ग्राम हिसपुरा निवासी पंकज कुमार पुत्र अरविंद कुमार 13 फरवरी की रात करीब 10 बजे अपनी कार से लाल कुआं से वेव सिटी की ओर जा रहे थे। हाईवे पर एक ऑटोमोबाइल शोरूम के पास सड़क के बीचों-बीच एक सफेद रंग की ब्रेजा कार खड़ी थी, जिससे पंकज की कार की हल्की टक्कर हो गई। टक्कर होते ही ब्रेजा सवार 4-5 युवक नीचे उतरे और पंकज के साथ गाली-गलौज करते हुए हमला बोल दिया।
ये भी पढ़ें गाजियाबाद पुलिस की बड़ी उपलब्धि: डेढ़ करोड़ के 555 मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए, खिले चेहरेगला दबाकर जान से मारने की कोशिश, सिर पर किए वार
पीड़ित पंकज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि हमलावरों ने उन्हें कार से जबरन बाहर खींच लिया और सड़क पर गिराकर लात-घूंसों व मुक्कों से मरणासन्न कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उनका गला दबाकर जान लेने की कोशिश की और सिर पर कई प्रहार किए। चीख-पुकार सुनकर जब तक लोग जमा होते, आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल पंकज को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनके शरीर, हाथ और आंखों पर गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है।
नकदी, मोबाइल और चेन लूटने का आरोप
पंकज कुमार का आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने उनकी जेब में रखे 22 हजार रुपये नकद, गले से सोने की चेन और उनका मोबाइल फोन भी लूट लिया। पीड़ित ने कविनगर थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ लूट और सामूहिक मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
पुलिस की कार्रवाई
कविनगर पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हो गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि सफेद ब्रेजा कार के नंबर और आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां