गाजियाबाद में रूह कंपा देने वाला रोडरेज: NH-9 पर दबंगों का तांडव, युवक को बेरहमी से पीटने के बाद 50 मीटर तक घसीटा
गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (NH-9) पर सुरक्षा दावों की धज्जियां उड़ाते हुए दबंगों ने सड़क पर सरेआम खूनी खेल खेला। कविनगर थाना क्षेत्र में मामूली कार टकराने के विवाद में ब्रेजा सवार युवकों ने एक कॉन्ट्रैक्टर को बंधक बनाकर 20 मिनट तक पीटा और फिर उसे सड़क पर करीब 50 मीटर तक घसीटा। इस दौरान राहगीर तमाशबीन बनकर वीडियो बनाते रहे, लेकिन कोई भी मदद के लिए आगे नहीं आया।
शराब के नशे में धुत थे हमलावर
ये भी पढ़ें नोएडा में डीडीआरडब्ल्यूए ने प्राधिकरण एसीईओ संग की बैठक, समस्याओं के समाधान के लिए सौंपा ज्ञापन वेव सिटी निवासी कॉन्ट्रैक्टर पंकज कुमार ने बताया कि 13 फरवरी की रात करीब 10 बजे वह अपनी आई-20 कार से लालकुआं से घर लौट रहे थे। रास्ते में सफेद रंग की एक ब्रेजा कार खड़ी थी। हॉर्न देने के बावजूद कार नहीं हटी और पंकज की कार उससे टकरा गई। आरोप है कि ब्रेजा में सवार चार-पांच युवक शराब के नशे में धुत थे। टक्कर होते ही वे गाली-गलौज करते हुए बाहर निकले और पंकज का मोबाइल छीनकर उन पर टूट पड़े।
50 मीटर तक घसीटा और छाती पर मारी लात
पीड़ित पंकज के मुताबिक, हमलावरों ने उन्हें बीच सड़क पर गिरा लिया और करीब 20 मिनट तक लात-घूंसों से हमला किया। दबंगों की हैवानियत यहीं नहीं रुकी, उन्होंने पंकज का हाथ पकड़कर उसे सड़क पर 50 मीटर तक घसीटा और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दबंगों का दुस्साहस साफ देखा जा सकता है।
एक लाख की डिमांड और चेन लूटने का आरोप
पंकज का आरोप है कि आरोपियों ने गाड़ी की मरम्मत के नाम पर तुरंत एक लाख रुपये मांगे। मना करने पर उनके पर्स से 22 हजार रुपये और गले से दो तोले की सोने की चेन छीन ली गई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि लूट का आरोप प्रथम दृष्टया संदिग्ध लग रहा है। पुलिस इसे रोडरेज के मामले से जोड़कर देख रही है।
आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी की तैयारी
एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है। कार नोएडा के एक व्यक्ति के नाम पर दर्ज है। पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल परीक्षण करा लिया है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां