गाजियाबाद। जिले के अंकुर विहार थाना क्षेत्र में दीपावली की रात दोस्तों की पार्टी खौफनाक हादसे में बदल गई। गोलू के खंडर पड़े मकान में चल रही पार्टी के दौरान दोस्तों की आपसी बातचीत में चली गोली से इरशाद घायल हो गया। उसे तुरंत दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई आदिल की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने दो अभियुक्त संदीप और गोलू को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारियों के दौरान हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि इरशाद, गोलू और संदीप आपस में दोस्त थे। दीपावली की रात गोलू के खंडर मकान में पार्टी चल रही थी, जिसमें इरशाद भी मौजूद था। संदीप शर्मा ने पार्टी में पिस्टल लाई थी, जिसे गोलू चलाना चाहता था। पिस्टल की खींच तान के दौरान गोली चल गई और इरशाद को लग गई। घटना के बाद सभी दोस्त मौके से भाग निकले।