ग्रेटर नोएडा में 6 बच्चों की मां नकदी व जेवरात लेकर प्रेमी संग भागी

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के थाना दनकौर क्षेत्र में रहने वाली एक छह बच्चों की मां, तीन बच्चों के पिता से इश्क कर बैठी। जब परिजनों ने इस बेमेल प्रेम संबंध का विरोध करना शुरू किया तो दोनपों अपना घर परिवार छोड़कर भाग गए।
जानकारी के अनुसार थाना दनकौर क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली महिला अपने प्रेमी के साथ घर से लापता हो गई है। हैरानी की बात यह है कि वह घर में रखी नकदी और लाखों के गहने भी साथ ले गई। इस घटना की जानकारी मिलने पर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। महिला के पति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी गांव के पास स्थित एक कंपनी में नौकरी करती थी। आरोप है कि काम के सिलसिले में वह अक्सर सालारपुर गांव जाती थी। वहीं उसकी मुलाकात एक युवक से हुई और धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। पति का कहना है कि उसे इस रिश्ते की भनक करीब पांच दिन पहले ही लगी थी। उसने पत्नी को समझाने की कोशिश भी की, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ।
पति के मुताबिक बीती रात को सब कुछ सामान्य था। परिवार के लोग घर में ही थे, लेकिन रात में किसी समय उसकी पत्नी अचानक घर से लापता हो गई। जब परिवार के लोगों को उसके लापता होने का पता चला तो घर की तलाशी ली गई। इस दौरान पता चला कि घर में रखी नकदी और लाखों रुपये के सोने के गहने भी गायब हैं। पति का आरोप है कि उसकी पत्नी अपने प्रेमी के साथ ही घर से भागी है और जाते समय नकदी व गहने भी साथ ले गई।
उधर जिस युवक के साथ महिला के जाने की बात सामने आ रही है, उसकी पत्नी ने भी अपने पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है। उसका आरोप है कि उसका पति भी घर से करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी और लाखों रुपये के सोने के गहने लेकर गया है। इस मामले को लेकर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायत मिली है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और लापता महिला व पुरुष की तलाश जारी है।
ये भी पढ़ें एनसीआर में 19 मार्च को फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, हल्की बारिश और तेज हवाओं से एक्यूआई में सुधार रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां