नोएडा। दीपावली की रात को थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के छिजारसी कॉलोनी में रहने वाला एक युवक स्टील के गिलास के अंदर पटाखा रखकर उसे चला रहा था। इसी बीच पटाखा फटा तथा गिलास के चिथड़े उड़ गए। वहीं स्टील का गिलास युवक के शरीर के कई जगह पर घुस गया। उसे अत्यंत गंभीर हालत में उपचार के लिए नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान आज दोपहर में उसकी मौत हो गई।
थाना सेक्टर-63 के प्रभारी निरीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि शिवा पुत्र विनोद निवासी बिलाल मस्जिद वाली गली छिजारसी कालोनी उम्र 20 वर्ष अपने परिवार वालों के साथ दीपावली की देर रात को पटाखा चला रहा था। उसने एक बड़े पटाखे को ग्लास के अंदर रखा, तथा उसमें आग लगा दिया। इसी बीच बम तीव्र गति से फटा तथा स्टील के गिलास के टुकड़े-टुकड़े हो गए।
उन्होंने बताया कि स्टील के गिलास के कुछ टुकड़े उड़ कर युवक के शरीर में घुस गए। उसे अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। अत्यंत गंभीर हालत में उसको उपचार के लिए नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि थाना सेक्टर-63 पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस द्वारा अन्य वैधानिक कार्रवाई कर रही है।