नोएडा। कहते हैं, जोड़ियां ऊपर से बनकर आती हैं और धरती पर विवाह के रूप में परिवर्तित होती है। बेटी का विवाह किसी भी अभिभावक के जीवन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी व सपना होती है। ऐसे में अगर बेटी गरीब परिवार से हो तो माता-पिता के लिए यह जिम्मेदारी पहाड़ उठाना जैसा होता है।
नोएडा में मंगलवार को 14 जोड़ों की धूमधाम से शादी हुई। नवयुवक मित्र मंडल, नोएडा की अगुवाई में इस विवाह में सैकड़ों लोग गवाह बने। इस समारोह में पूर्व विधायक बिमला बाथम, सांसद प्रतिनिधि संजय बाली सहित शहर के तमाम गणमान्य लोग शामिल हुए और वर-वधुओं को अपना आशीर्वाद दिया।
नव युवक मित्रमंडल के सौजन्य से सेक्टर-19 नोएडा के बारात घर में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में अध्यक्ष विकास अग्रवाल, सेक्रेटरी दीपक गोयल व सुमित अग्रवाल, ज्वाइंट सेक्रेटरी आशीष अग्रवाल, मनीष बंसल व चिंकू गुप्ता, कम्युनिटी मेम्बर ह्रितिक गोयल सहित अन्य लोगों के अथक प्रयास से 14 जोड़े परिणय सूत्र में बंध सके।
बारात के स्वागत के बाद वर-वधुओं ने एक दूसरे के गले में जयमाला डालकर एक दूजे का साथी होना स्वीकार किया। इसके पश्चात वैदिक रीति से 7 फेरे लेकर वे परिणय सूत्र में बंध गए।
नवयुवक मित्र मंडल ने इस मौके पर वर-वधुओं के लिए विविध प्रकार के उपहार की व्यवस्था की थी, जिसमें बेड, आलमारी, कूलर, डिनर सेट, सिलाई मशीन, साड़ी , पैंट- शर्ट, सूटकेश, चूल्हा-सिलेंडर, कुकर-कड़ाही, मंगलसूत्र , पायल, चुटकी, कोका , गद्दा, तकिया, बाल्टी सहित अन्य घरेलू सामान और वधुओं के लिए श्रृंगार के सामान सहित 60 से अधिक वस्तुएं शामिल रहे। शहर के की अन्य लोगों ने भी अपनी-अपनी तरफ से वर-वधू को गिफ्ट दिया।
टिप्पणियां