गुरदासपुर में राहुल गांधी का दौरा,बॉर्डर पर पुलिस से हुई तीखी बहस,बाढ़ प्रभावित गांव जाने से रोका

गुरदासपुर। पंजाब के गुरदासपुर जिले से बड़ी खबर आ रही है जिसमें लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा विवादों में घिर गया है। सोमवार को राहुल गांधी अमृतसर और गुरदासपुर के बाढ़ से प्रभावित इलाकों का जायजा लेने पहुंचे थे।
वे पाकिस्तान सीमा के पास रावी नदी के उस पार बसे तूर गांव का दौरा करना चाहते थे, लेकिन सुरक्षा कारणों से SP जुगराज सिंह ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। राहुल गांधी ने अधिकारियों से सवाल किया कि अगर मैं भारत की जमीन पर हूँ तो मेरी सुरक्षा क्यों नहीं हो रही है? उन्होंने यह भी कहा कि अगर नाव उपलब्ध नहीं कराई गई तो वे खुद तैरकर नदी पार कर जाएंगे। इस दौरान दोनों के बीच जमकर बहस हुई और कांग्रेस नेताओं ने इसे राजनीति का खेल बताया।
राहुल गांधी के साथ पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग और अन्य प्रदेश नेता भी मौजूद थे। अंतत: राहुल गांधी बिना प्रभावित गांवों का दौरा किए वापस लौट आए। इस घटना को लेकर पंजाब की सियासत में तेज़ी से विवाद और सोशल मीडिया पर चर्चा छिड़ गई है। कांग्रेस ने पुलिस को गलत ठहराया जबकि भाजपा ने राहुल गांधी के व्यवहार पर सवाल उठाए हैं।