धामी सरकार का भ्रष्टाचार पर बड़ा प्रहार: तीन साल में 789 भ्रष्टाचारियों की गिरफ्तारी
Uttarakhand News: उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अभूतपूर्व सख्ती दिखाते हुए तीन वर्षों में 789 से अधिक भ्रष्टाचारियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य में ‘जीरो टॉलरेंस नीति’ पर पूरी गंभीरता से अमल किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को सचिवालय में ‘सतर्कता-हमारी साझा जिम्मेदारी’ थीम पर आधारित जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की, जो नौ नवंबर तक चलेगा। इस अभियान का उद्देश्य सरकारी तंत्र में पारदर्शिता लाना और आम जनता को भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक करना है।
अभियान से जनता में जागरूकता की लहर
पारदर्शी शासन के लिए टोल फ्री नंबर 1064 बना जनता की आवाज
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन व्यवस्था को पारदर्शी और उत्तरदायी बनाने के लिए सरकार ने टोल फ्री नंबर 1064 जारी किया है, जिस पर जनता सीधे भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज करा सकती है। अब तक प्राप्त शिकायतों में से 62 पर ट्रैप कार्रवाई और चार पर खुली जांच की गई है। मुख्यमंत्री ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी भ्रष्टाचार करेगा, वह सलाखों के पीछे होगा।
भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन की दिशा में सरकार का निर्णायक कदम
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि किसी भी प्रशासन की मजबूती उसकी सत्यनिष्ठा और अनुशासन में निहित होती है। उन्होंने कहा कि अगर सरकारी कर्मचारी अपने कार्य में ईमानदार और अनुशासित रहें, तो भ्रष्टाचार स्वतः समाप्त हो सकता है।
कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख सचिव एल. फैनई और निदेशक सतर्कता वी. मुरुगेशन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सरकार के इस अभियान को “जनभागीदारी से भ्रष्टाचार के खिलाफ युद्ध” बताया।
