उत्तराखंड मंत्रिमंडल विस्तार पर हलचल तेज, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले: 'बस डेट तय करनी है'
महेंद्र भट्ट ने स्पष्ट कहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार के लिए 'अब बस डेट तय करनी है, मंत्रिमंडल विस्तार कभी भी हो सकता है।' उनके इस बयान के बाद राज्य के सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
संगठन और सत्ता दोनों पर मंथन
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि मंत्रिमंडल विस्तार के साथ-साथ फिलहाल संगठन को मजबूत करने का काम भी जारी है और पार्टी पदाधिकारियों की सूची को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा हाईकमान के बीच पिछले कई दिनों से मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर गहन चर्चा चल रही है। माना जा रहा है कि संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने के लिए कैबिनेट में कुछ नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है।
महेंद्र भट्ट ने साफ किया कि पार्टी का मकसद केवल सत्ता में बने रहना नहीं है, बल्कि संगठन को भी जमीनी स्तर पर और मजबूत करना है। यही वजह है कि संगठन के पदाधिकारियों की नियुक्ति और कैबिनेट विस्तार दोनों पर समान रूप से मंथन चल रहा है।
राज्य में लंबे समय से मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें थीं, और कई विधायकों ने भी संगठन या सरकार में अपनी भूमिका की उम्मीद जताई है। अब प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान से साफ हो गया है कि धामी कैबिनेट में जल्द ही नए चेहरे दिखाई दे सकते हैं।
अब सभी की निगाहें भाजपा हाईकमान पर टिकी हैं कि वह कब हरी झंडी देता है और उत्तराखंड कैबिनेट की सियासी तस्वीर कब बदलती है।
