शाकाहारियों के लिए इन चीजों में छिपा है प्रोटीन का खजाना, कमजोरी होगी छूमंतर
नई दिल्ली। आज के समय में सेहत को लेकर जागरूकता तेजी से बढ़ रही है। इसी बीच एक आम धारणा लंबे समय से चली आ रही है कि प्रोटीन के लिए नॉनवेज डाइट लेना जरूरी है, लेकिन शाकाहारी भोजन में भी प्रोटीन के कई ऐसे खजाने छिपे हैं, जो शरीर को ताकत देने के साथ-साथ पाचन, इम्युनिटी और मानसिक सेहत को भी बेहतर बनाते हैं। संतुलित आहार के साथ शाकाहारी लोग भी प्रोटीन की जरूरत पूरी कर सकते हैं।
आयुर्वेद के अनुसार, भोजन वही उत्तम माना जाता है जो शरीर में आसानी से पच जाए और जीवन शक्ति बढ़ाए। इसी आधार पर दूध और उससे बने पदार्थों को आयुर्वेद में खास स्थान दिया गया है। पनीर इसका सबसे बढ़िया उदाहरण है। पनीर मांसपेशियों को मजबूती देता है और शरीर की ताकत बढ़ाता है। इसमें मौजूद प्रोटीन शरीर को शक्तिशाली बनाता है। विज्ञान भी मानता है कि पनीर में पाए जाने वाले अमीनो एसिड मांसपेशियों की मरम्मत में मदद करते हैं। दूध और दही भी इसी श्रेणी में आते हैं। दही पाचन को सुधारता है और आंतों को स्वस्थ रखता है, जिससे शरीर प्रोटीन को बेहतर तरीके से उपयोग कर पाता है। सोयाबीन को प्रोटीन का पावरहाउस कहा जाता है। आयुर्वेद के अनुसार, सोयाबीन बल्य यानी ताकत बढ़ाने वाला माना जाता है। इसमें लगभग सभी जरूरी अमीनो एसिड पाए जाते हैं, जो शरीर को संपूर्ण पोषण देते हैं।
इसी वजह से टोफू और सोया चंक्स आजकल फिटनेस पसंद करने वालों की डाइट में शामिल हो रहे हैं। ये दिल की सेहत के लिए भी फायदेमंद माने जाते हैं और कोलेस्ट्रॉल को संतुलित रखने में मदद करते हैं। भारतीय रसोई में दालें सदियों से हमारे भोजन का हिस्सा रही हैं। आयुर्वेद में दालों को सात्त्विक आहार माना गया है, जो शरीर को ऊर्जा देता है और मन को भी शांत रखता है। विज्ञान बताता है कि जब दालों को चावल के साथ खाया जाता है, तो यह भोजन संपूर्ण प्रोटीन का रूप ले लेता है। यही कारण है कि दाल-चावल को एक संतुलित और ताकतवर भोजन कहा जाता है, जो बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के लिए फायदेमंद है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
रविता ढांगे 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और डिजिटल न्यूज़ डेस्क के प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने अपने पेशेवर करियर की शुरुआत 'समाचार टुडे' से की थी, जहाँ उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों और न्यूज़ ऑपरेशन्स के बुनियादी सिद्धांतों को सीखा।
रविता ढांगे की सबसे बड़ी विशेषता उनकी मजबूत तकनीकी पृष्ठभूमि है; उन्होंने BCA, PGDCA और MCA (Master of Computer Applications) जैसी उच्च डिग्रियां प्राप्त की हैं। उनकी यह तकनीकी विशेषज्ञता ही 'रॉयल बुलेटिन' को डिजिटल रूप से सशक्त बनाती है। वर्ष 2022 से संस्थान का अभिन्न हिस्सा रहते हुए, वे न केवल खबरों के संपादन में निपुण हैं, बल्कि न्यूज़ एल्गोरिदम और डेटा मैनेजमेंट के जरिए खबरों को सही दर्शकों तक पहुँचाने में भी माहिर हैं। वे पत्रकारिता और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) के बेहतरीन संगम का प्रतिनिधित्व करती हैं, जिससे पोर्टल की डिजिटल रीच और विश्वसनीयता में निरंतर वृद्धि हो रही है।

टिप्पणियां