पुरकाजी के सर्वांगीण विकास के लिए 21 करोड़ का बजट पास, स्कूलों का होगा कायाकल्प
बोर्ड बैठक में चेयरमैन जहीर फारूकी के विजन पर लगी मुहर, आगामी त्योहारों और स्वच्छता पर विशेष रणनीति
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। नगर पंचायत पुरकाजी की बोर्ड बैठक में शहर के विकास की नई इबारत लिखी गई। चेयरमैन जहीर फारूकी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में नगर के भविष्य और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। इस बजट में 21 करोड़ रुपये की अनुमानित आय के मुकाबले विकास कार्यों के लिए 22 करोड़ 47 लाख रुपये के व्यय का प्रावधान रखा गया है।
नगर पंचायत कार्यालय में गुरूवार को चेयरमैन जहीर फारूकी की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में कुल 15 में से 13 सभासद उपस्थित रहे। इसके पश्चात अधिशासी अधिकारी द्वारा एजेंडा सदन में प्रस्तुत किया गया। बिन्दूवार सभी प्रस्तावों पर चर्चा के साथ उनको सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इस बैठक के दौरान वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तुत बजट में 21 करोड़ रुपये की आय के मुकाबले 22 करोड़ 47 लाख रुपये के व्यय का प्रावधान रखा गया। बैठक में पारित बजट में नगर क्षेत्र के विकास, आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण, सफाई व्यवस्था और अन्य आवश्यक कार्यों पर विशेष ध्यान दिया गया है। चेयरमैन जहीर फारूकी ने बताया कि आगामी ईद और होली के त्योहारों को देखते हुए साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी तैयारियों को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विकास कार्यों को गति देने पर भी सहमति बनी।
शिक्षा और बुनियादी ढांचे पर निवेश
बैठक के दौरान चेयरमैन जहीर फारूकी ने शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय संख्या दो के पुराने कक्षों की मरम्मत और दीवारों पर टाइल्स लगवाने का सुझाव दिया, जिसे सदन ने तुरंत मंजूरी दे दी। चेयरमैन ने स्पष्ट किया कि नगर के सभी सरकारी विद्यालयों में आवश्यक सुविधाएं और मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएंगे।
स्वच्छता और आगामी त्योहारों की तैयारी
चेयरमैन ने होली और ईद जैसे बड़े त्योहारों को देखते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान सफाई, पेयजल आपूर्ति और प्रकाश व्यवस्था में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, 'स्वच्छ सर्वेक्षण' में पुरकाजी को बेहतर रैंकिंग दिलाने के लिए जनसहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
जनगणना और फैमिली आईडी पर चर्चा
बैठक में विकास कार्यों के साथ-साथ प्रशासनिक जिम्मेदारियों पर भी चर्चा हुई। अधिशासी अधिकारी मनीष वर्मा ने सदन को भारत सरकार की जनगणना के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण) और परिवार पहचान पत्र (फैमिली आईडी) बनाने की प्रक्रिया से अवगत कराया। सभासदों से अपील की गई कि वे अपने वार्डों में लोगों को इसके प्रति जागरूक करें।
बैठक में इनकी रही मौजूदगी
नगर पंचायत कार्यालय में हुई इस बैठक में कुल 15 में से 13 सभासद मौजूद रहे। इस दौरान लिपिक समर काजमी, सभासद विकसित कुमार, रजनेश, फहमिदा, निसार अहमद, इशरत जहां, शाह आलम गौड़, इस्तखार उर्फ लल्ला, आतिफ खान, शबनम, नदीम अहमद, फरजाना, आजाद फरीदी और आलम कुरैशी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक का समापन नगर विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ओ.पी. पाल पिछले साढ़े तीन दशकों से पत्रकारिता में सक्रिय एक प्रतिष्ठित नाम हैं। भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त (P.I.B. Accredited) वरिष्ठ पत्रकार श्री पाल ने लंबे समय तक लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही के साथ-साथ गृह, रक्षा और कृषि जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की नेशनल ब्यूरो स्तर पर रिपोर्टिंग की है।
अमर उजाला और दैनिक जागरण से पत्रकारिता की शुरुआत करने वाले श्री पाल ने 'शाह टाइम्स' में न्यूज़ एडिटर और 'हरिभूमि' (दिल्ली) में वरिष्ठ संवाददाता के रूप में लंबी सेवाएं दी हैं। राजनीति विज्ञान और कृषि के विशेषज्ञ होने के साथ-साथ वे 'साहित्य रत्न' से भी विभूषित हैं। वर्तमान में वे एक स्वतंत्र पत्रकार और स्तंभकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां