मुजफ्फरनगर: रात के अंधेरे में चला प्रशासन का डंडा, अतिक्रमणकारियों के सामान जब्त
मुजफ्फरनगर। शहर की सड़कों को जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए जिला प्रशासन अब सख्त रुख अख्तियार कर चुका है। इसी कड़ी में शुक्रवार की रात मुजफ्फरनगर जनपद में पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने मिलकर एक बड़ा अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे बाजार में दुकानदारों के बीच हड़कंप मच गया।
नगर पालिका और पुलिस बल की भारी मौजूदगी में शुरू हुए इस अभियान के दौरान सड़कों पर अवैध रूप से रखे गए सामान को टीम ने जब्त कर लिया। दुकानदारों द्वारा दुकानों की सीमा से बाहर रखे गए स्टूल, कुर्सी और अन्य व्यावसायिक सामान को ट्रैक्टर-ट्रालियों में भरकर नगर पालिका कार्यालय ले जाया गया। प्रशासन की इस औचक कार्रवाई ने उन दुकानदारों की नींद उड़ा दी जो बार-बार चेतावनी के बावजूद सड़क घेरकर व्यापार कर रहे थे।
पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने इस कार्रवाई के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि शहर के मुख्य चौराहों और रास्तों पर यातायात को सुगम बनाना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बीते पंद्रह दिनों से लगातार दुकानदारों को हिदायत दी जा रही थी और कई क्षेत्रों में नोटिस भी चस्पा किए गए थे। अधिकतर दुकानदारों ने प्रशासन का सहयोग किया लेकिन कुछ लोग अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहे थे। जिसके चलते शुक्रवार को भारी पुलिस फोर्स के साथ सिटी जोन में यह विशेष अभियान चलाया गया।
यह अभियान मुख्य रूप से झांसी की रानी क्षेत्र, शिव चौक, मीनाक्षी चौक और इन चौराहों से जुड़ने वाले चारों तरफ के सौ मीटर के दायरे में चलाया गया। एसपी सिटी ने चेतावनी दी है कि यह कार्रवाई अभी थमी नहीं है और आने वाले दिनों में भी इसी तरह का अभियान जारी रहेगा। इस मौके पर एएसपी सिटी के साथ सिविल लाइन, खालापार और कोतवाली नगर के थाना प्रभारी सहित नगर पालिका के राजस्व निरीक्षक भी मौजूद रहे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुजफ्फरनगर की जमीनी हकीकत, राजनीति और क्राइम से जुड़ी हर खबर को वीडियो रिपोर्टिंग के जरिए बेबाकी से पहुँचाने वाले इस्तेखार अब्बासी पिछले 3 वर्षों से रॉयल बुलेटिन परिवार का हिस्सा हैं। BJMC डिग्री धारक इस्तेखार ने अपनी सधी हुई रिपोर्टिंग और खबरों की गहरी समझ से जिले में एक खास पहचान बनाई है।
मुजफ्फरनगर से जुड़ी खबरों और सुझावों के लिए इनसे संपर्क करें: 📞 मोबाइल: 8266055143

टिप्पणियां