मुजफ्फरनगर में जमीन विवाद में फिर मंडराया खौफ, पीड़ित परिवारों ने लगाई सुरक्षा की गुहार, पहले हो चुकी दो हत्या
मुजफ्फरनगर। जनपद बिजनौर के थाना मण्डावर क्षेत्र स्थित ग्राम इन्छावाला में एक बार फिर जमीन विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है। 84 परिवारों की करीब 1260 बीघा कृषि भूमि को लेकर चल रहे विवाद के बीच पीड़ित परिवारों ने हत्या के आरोपियों से जान का खतरा बताते हुए प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ितों के अनुसार, वर्ष 2021 में इसी जमीन विवाद के चलते एक बाबा और उनके नौकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में नामजद आरोपी फिलहाल जमानत पर बाहर हैं और दोबारा जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। आरोप है कि आरोपी खुलेआम धमकियां दे रहे हैं और विरोध करने पर पूरे परिवार को खत्म करने की बात कह रहे हैं।
शनिवार को पीड़ित पक्ष के आशु पुत्र सलीम ने अपने परिजनों के साथ प्रेस वार्ता कर बताया कि उक्त भूमि को पूर्व में प्रशासन द्वारा कुर्क किया जा चुका है और गन्ने की फसल की नीलामी कर राशि सरकारी खाते में जमा कराई गई थी। वर्तमान में यह मामला बोर्ड ऑफ रेवेन्यू उत्तर प्रदेश में विचाराधीन है।
पीड़ितों का आरोप है कि मामला न्यायालय में लंबित होने के बावजूद कुछ दबंग तत्व खुद को सत्तारूढ़ दल से जुड़ा बताकर राजस्व अधिकारियों की मिलीभगत से जमीन पर अवैध कब्जा कर चुके हैं और उसे बेचने की तैयारी में हैं। साथ ही हल्का लेखपाल पर भी मिलीभगत के आरोप लगाए गए हैं।
पीड़ित परिवारों ने कई नामजद आरोपियों का जिक्र करते हुए बताया कि इनमें से कुछ पर पहले से हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं और वे जमानत पर बाहर हैं। उनका कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के चलते कभी भी कोई बड़ी घटना हो सकती है।
पीड़ितों ने योगी आदित्यनाथ, एसएसपी और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए अवैध कब्जा हटवाने, सुरक्षा उपलब्ध कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रेस वार्ता के दौरान पीड़ित परिवार भावुक हो गए और कैमरे के सामने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उनकी जान को गंभीर खतरा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की अपील की है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप त्यागी पिछले दो दशकों (20 वर्ष) से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक अटूट और विश्वसनीय स्तंभ हैं। दो दशकों के अपने इस लंबे सफर में आपने मुज़फ्फरनगर की हर छोटी-बड़ी राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक हलचल को बेहद करीब से देखा और अपनी लेखनी से जनता की आवाज़ बुलंद की है। वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में जिला प्रभारी की ज़िम्मेदारी निभा रहे श्री त्यागी अपनी ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए पूरे जिले में पहचाने जाते हैं। जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9027803022 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां