मुजफ्फरनगर में करवा चौथ का पर्व श्रद्धा और धूमधाम से मनाया गया; सुहागिनों ने रखी निर्जल व्रत, सुनी कथा
.jpeg)

मुजफ्फरनगर। जिलेभर में शुक्रवार को करवा चौथ का पर्व धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने इस दिन निर्जल व्रत रखकर अपने पति की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना की।
शहर की जाट कॉलोनी में महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ एक मंदिर में एकत्र होकर करवा चौथ की कथा सुनी। पंडित जी ने महिलाओं को व्रत की विधि और इसके धार्मिक महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि यह व्रत सुहागिन स्त्रियों के लिए सबसे पवित्र और कठिन व्रतों में से एक माना जाता है। कथा के अनुसार, माता करवा ने अपने पति की रक्षा के लिए यमराज को भी पराजित कर दिया था, तभी से यह व्रत पति की दीर्घायु के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है।
व्रत रखने वाली महिलाओं ने बताया कि यह दिन उनके वैवाहिक जीवन के लिए अत्यंत विशेष होता है। उन्होंने सोलह श्रृंगार कर नए वस्त्र धारण किए, मेहंदी लगाई और साज-सज्जा के साथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। संध्या समय महिलाओं ने छलनी से चांद को देखकर अपने पति के दीर्घ जीवन की प्रार्थना की।
जाट कॉलोनी निवासी साक्षी चौधरी ने कहा, "करवा चौथ का यह पर्व हमारे लिए बेहद खास होता है। सभी महिलाओं ने सोलह श्रंगार कर नए वस्त्र धारण किए, मेहंदी लगाई और साज-सज्जा के साथ पूजा में भाग लिया। हमने अपने पति की लंबी उम्र और दांपत्य जीवन में खुशहाली की कामना की है।"
इस अवसर पर कुमुद सिंह, सुधा सिंह, डोली गोयल, साक्षी चौधरी, निर्मला, प्रीति, रश्मि, ज्योति, सरोज, और मीरा आदि महिलाएं उपस्थित रहीं।