थाईलैंड में नौकरी के नाम पर मुजफ्फरनगर के युवकों को म्यांमार में 'बेचा', पाकिस्तानी ठगों ने बनाया बंधक
मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना तीतावी क्षेत्र के ग्राम बघरा से मानव तस्करी और विदेश में नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी का रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। गांव के ही एजेंटों ने कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी का झांसा देकर दो युवकों को थाईलैंड भेजा, जहाँ उन्हें कथित तौर पर म्यांमार के खतरनाक 'स्कैम सेंटर' में चीनी और पाकिस्तानी साइबर ठगों के हाथों बेच दिया गया। पीड़ितों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को शिकायती पत्र सौंपकर अपनी आपबीती सुनाते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित छम्मन खाँ द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, गांव के ही इंतजार सैफी और उसके बुढ़ाना निवासी रिश्तेदार इमरान सैफी ने उनके पुत्रों उमर खाँ और अजीम सैफी को ८०० डॉलर प्रतिमाह वेतन का लालच दिया था। आरोप है कि रजिस्ट्रेशन और अन्य खर्चों के नाम पर किस्तों में करीब १५ लाख रुपये हड़प लिए गए। युवकों को टूरिस्ट वीजा पर बैंकॉक भेजा गया, लेकिन वहां से उन्हें धोखे से म्यांमार की सीमा पार कराकर 'के.के. पार्क' नामक कुख्यात क्षेत्र में बंधक बना लिया गया।
परिजनों का आरोप है कि म्यांमार के इस स्कैम सेंटर में हथियारबंद विदेशी लोगों ने युवकों के साथ बर्बरता की। पाकिस्तानी ठगों ने उन्हें भूखा रखकर बुरी तरह पीटा, जिससे एक युवक के पैर का लिगामेंट तक टूट गया। बंधक बनाए गए युवकों ने वीडियो कॉल के जरिए परिजनों को बताया कि उन्हें मोटी रकम लेकर बेच दिया गया है और अब रिहाई के बदले अतिरिक्त पैसों की मांग की जा रही है। बेटों की जान बचाने की खातिर मजबूर पिता ने जमीन और गहने गिरवी रखकर १२ लाख ५० हजार रुपये और दिए, जिसके बाद युवकों को छोड़ा गया।
ये भी पढ़ें मुजफ्फरनगर में निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण को लेकर बैठक आयोजित, विभिन्न राजनीतिक दलों से की चर्चा भारत लौटने के बाद जब पीड़ितों ने एजेंटों से अपने पैसे वापस मांगे और विरोध दर्ज कराया, तो आरोपियों ने उन्हें फर्जी मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित परिवार का दावा है कि उनके पास ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के रिकॉर्ड, मारपीट के वीडियो और मेडिकल दस्तावेज मौजूद हैं। एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए हैं। इस घटना ने विदेशों में फर्जी नौकरी दिलाने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोहों के मकड़जाल और क्षेत्र में सक्रिय उनके एजेंटों की पोल खोल दी है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुजफ्फरनगर की जमीनी हकीकत, राजनीति और क्राइम से जुड़ी हर खबर को वीडियो रिपोर्टिंग के जरिए बेबाकी से पहुँचाने वाले इस्तेखार अब्बासी पिछले 3 वर्षों से रॉयल बुलेटिन परिवार का हिस्सा हैं। BJMC डिग्री धारक इस्तेखार ने अपनी सधी हुई रिपोर्टिंग और खबरों की गहरी समझ से जिले में एक खास पहचान बनाई है।
मुजफ्फरनगर से जुड़ी खबरों और सुझावों के लिए इनसे संपर्क करें: 📞 मोबाइल: 8266055143

टिप्पणियां