शामली: बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान का आगाज

शामली। जनपद में बालिकाओं के सुरक्षित स्वास्थ्य और सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी की रोकथाम के लिए शासन के निर्देशानुसार एक विशेष टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई है। मंगलवार को जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अनिल कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामली पर एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन सत्र का विधिवत उद्घाटन किया।
14 वर्ष की बालिकाओं को लगेगी वैक्सीन
उद्घाटन के अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में सरकार की गाइडलाइंस के अनुसार यह वैक्सीन सर्वप्रथम उन बालिकाओं को दी जा रही है जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन पूरा कर लिया है और अभी 15 वर्ष की आयु पूर्ण नहीं की है। अभियान के तहत मोहल्ला पंसारियांन निवासी शगुन पुत्री अमित को पहला टीका लगाया गया। स्टाफ नर्स सुहानी सिंह और एएनएम अंशु द्वारा टीकाकरण की प्रक्रिया पूरी की गई, जिसके बाद एसीपीए अशोक कुमार द्वारा लाभार्थी को डिजिटल प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
तीन माह तक चलेगा नि:शुल्क अभियान
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने जनपद के समस्त अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 वर्ष की बालिकाओं को यह टीका अवश्य लगवाएं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि अगले तीन माह तक इस अभियान को मिशन मोड में चलाया जाए। सीएमओ डॉ. अनिल कुमार ने जानकारी दी कि भारत में बड़ी संख्या में महिलाएं सर्वाइकल कैंसर से ग्रसित होती हैं और समय पर लिया गया यह सुरक्षित टीका इसकी रोकथाम में मील का पत्थर साबित होगा।
इन केंद्रों पर मिलेगी सुविधा
जनपद में चिन्हित लाभार्थियों के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष सत्रों का आयोजन किया है। यह वैक्सीन जिला संयुक्त चिकित्सालय शामली के अलावा कांधला, ऊन, थानाभवन, कैराना, कुड़ाना और झिंझाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर नि:शुल्क उपलब्ध रहेगी। जिलाधिकारी ने भविष्य में स्वास्थ्य योजनाओं के उद्घाटन जिला संयुक्त चिकित्सालय शामली पर ही आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
उद्घाटन कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अश्वनी शर्मा, डॉ. अतुल बंसल, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. करन चौधरी, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दीपक चौधरी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और यूएनडीपी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
रविता ढांगे 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और डिजिटल न्यूज़ डेस्क के प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने अपने पेशेवर करियर की शुरुआत 'समाचार टुडे' से की थी, जहाँ उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों और न्यूज़ ऑपरेशन्स के बुनियादी सिद्धांतों को सीखा।
रविता ढांगे की सबसे बड़ी विशेषता उनकी मजबूत तकनीकी पृष्ठभूमि है; उन्होंने BCA, PGDCA और MCA (Master of Computer Applications) जैसी उच्च डिग्रियां प्राप्त की हैं। उनकी यह तकनीकी विशेषज्ञता ही 'रॉयल बुलेटिन' को डिजिटल रूप से सशक्त बनाती है। वर्ष 2022 से संस्थान का अभिन्न हिस्सा रहते हुए, वे न केवल खबरों के संपादन में निपुण हैं, बल्कि न्यूज़ एल्गोरिदम और डेटा मैनेजमेंट के जरिए खबरों को सही दर्शकों तक पहुँचाने में भी माहिर हैं। वे पत्रकारिता और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) के बेहतरीन संगम का प्रतिनिधित्व करती हैं, जिससे पोर्टल की डिजिटल रीच और विश्वसनीयता में निरंतर वृद्धि हो रही है।

टिप्पणियां