गन्ना मूल्य में 30 रुपये की बढ़ोतरी ऐतिहासिक: विधायक प्रसन्न चौधरी ने सीएम योगी और जयंत चौधरी को दी बधाई
शामली। सदर विधायक प्रसन्न चौधरी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गन्ना समर्थन मूल्य में 30 रुपए प्रति कुंतल की बढ़ोतरी के फैसले को ऐतिहासिक और किसान हितैषी बताते हुए स्वागत किया है। उन्होंने रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह को भी इसके लिए बधाई दी है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों के लिए गन्ना मूल्य में 30 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की घोषणा की है। इस फैसले से राज्य के लगभग 35 लाख गन्ना किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। यह वृद्धि तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
इस निर्णय से गन्ना किसानों को कुल मिलाकर लगभग 3000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त लाभ होने का अनुमान है। सदर विधायक प्रसन्न चौधरी ने इस निर्णय के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि किसानों की गन्ना मूल्य के समर्थन मूल्य में वृद्धि की आस फिर एक बार पूरी हुई है। सीएम योगी आदित्यनाथ का यह निर्णय सराहनीय है।
सदर विधायक प्रसन्न चौधरी ने कहा कि रालोद के मुखिया और केन्द्र मंत्री चौधरी जयंत सिंह ने भी प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गन्ना समर्थन मूल्य में बढोतरी का अनुरोध किया था, जिसे सीएम ने सहर्ष स्वीकार करते हुए किसानों के हितों के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि गन्ना समर्थन मूल्य बढ़ने से किसानों की एक बड़ी मांग पूरी होगी, वहीं किसानों की आर्थिक स्थिति में भारी बदलावा आएगा।
प्रसन्न चौधरी ने केन्द्रीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय तथा शिक्षा राज्य मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी द्वारा एक्स हैंडल पर सीएम आदित्यनाथ के लिए लिखे वक्तव्य को दोहराया, जिसमें, किसानों के हित में योगी आदित्यनाथ सरकार के इस बड़े निर्णय को जमकर सराहा है। और कहा, ‘उत्तर प्रदेश सरकार ने गन्ने की मिठास और किसानों की मेहनत का मान रखा, मुख्यमंत्री को आभार व्यक्त किया है।
