अयोध्या पहुँचे आंध्र के CM चंद्रबाबू नायडू, रामलला की चौखट पर टेका मत्था, मंदिर की भव्यता देख हुए मंत्रमुग्ध
अयोध्या। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू रविवार को प्रभु श्री राम की नगरी अयोध्या पहुँचे, जहाँ उन्होंने राम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने न केवल श्री रामलला के चरणों में मत्था टेका, बल्कि मंदिर परिसर में आयोजित यज्ञशाला अनुष्ठान में भी पूर्ण श्रद्धा के साथ भाग लिया।
आध्यात्मिक रूप से उत्थानकारी रहा अनुभव: नायडू अपनी यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने लिखा, "आज मुझे अयोध्या के दिव्य और भव्य श्री राम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन और प्रार्थना करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। यहां दोबारा आना मेरे लिए शांतिपूर्ण और आध्यात्मिक रूप से उत्थानकारी अनुभव रहा। भगवान श्री राम के मूल्य और आदर्श हम सभी के लिए शाश्वत शिक्षा हैं।"
जगतगुरु का लिया आशीर्वाद, दिग्गजों की रही मौजूदगी दर्शन पूजन के क्रम में मुख्यमंत्री ने जगतगुरु माधवाचार्य से भी भेंट की और उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उनके साथ श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र, गोपाल राव और उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
पूजन और भ्रमण के पश्चात मुख्यमंत्री नायडू सीधे आंध्र प्रदेश के लिए रवाना हो गए। अयोध्या में उनके आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
रॉयल बुलेटिन उत्तर भारत का प्रमुख हिंदी दैनिक है, जो पाठकों तक स्थानीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरें तेज़, सटीक और निष्पक्ष रूप में पहुँचाता है, हिंदी पत्रकारिता का एक भरोसेमंद मंच !
