गाजीपुर। दीपावली के त्योहार से ठीक पहले, गाजीपुर के करंडा थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। सुबह करीब 6 बजकर 15 मिनट पर
लीलापुर अमवाघाट पर गंगा नदी में नहाते समय तीन लड़कियां डूब गईं। इस घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा डूबी हुई लड़कियों की तलाश के प्रयास जारी हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक तीनों में से किसी का भी पता नहीं चल पाया था।
डूबी लड़कियों की पहचान
करंडा थाना क्षेत्र के प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि डूबी हुई लड़कियों की पहचान रामजनपुर निवासी के रूप में हुई है। तीनों की पहचान पूनम यादव (18) पुत्री रामबचन,रोली यादव (16) पुत्री राजदेव,खुशी यादव (14) पुत्री बबलू के नाम है।
पुलिस के अनुसार, ये तीनों गांव की अन्य महिलाओं और लड़कियों के साथ गंगा नदी में स्नान करने आई थीं। नहाते समय वे गहरे पानी में चली गईं, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
त्योहार की तैयारी के बीच मातम
बताया जा रहा है कि तीनों लड़कियों के घर में दीपावली की तैयारी चल रही थी और गंगा स्नान के बाद छोटी दिवाली का पूजन होना था। इससे पहले हुए इस हादसे से तीनों लड़कियों के परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। पुलिस और स्थानीय गोताखोर लड़कियों की तलाश में जुटे हुए हैं।