योगी ने कई ज़िलों के अफसरों की लगाई क्लास, बोले- असामाजिक तत्वों के खिलाफ हो सख्त कार्यवाही
.png)
उत्तर प्रदेश | Uttar Pradesh: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहारों के अवसर पर अशांति फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। मुख्यमंत्री ने दशहरे को बुराई और आतंक के दहन का पर्व बताते हुए कहा कि उपद्रवियों पर ऐसी कार्रवाई हो कि वे दोबारा कभी ऐसी गलती करने की सोच भी न सकें।
हाल के दिनों में कानपुर नगर, वाराणसी, मुरादाबाद, बदायूं, महराजगंज, उन्नाव, संभल, आगरा और बरेली में आपत्तिजनक जुलूस और भड़काऊ नारेबाजी की घटनाओं पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे उपद्रवियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए, आयोजकों और मास्टरमाइंड की पहचान हो और उनकी संपत्ति तक की जांच की जाए।
मुख्यमंत्री ने मिशन शक्ति 5.0 की प्रगति पर संतोष जताते हुए गरबा-डांडिया जैसे आयोजनों में अराजक तत्वों की घुसपैठ रोकने के निर्देश दिए। महिला अपराधों, छेड़खानी, चेन स्नैचिंग और एसिड अटैक जैसी घटनाओं पर त्वरित कार्यवाही और अपराधियों को सजा दिलाने पर जोर दिया।
सिद्धार्थनगर, महराजगंज, बस्ती और प्रयागराज में ड्रोन के जरिए अफवाह फैलाने वालों की गिरफ्तारी और पुलिस गश्त बढ़ाने पर जोर दिया गया। जातीय संघर्ष भड़काने वाले तत्वों पर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने पर्वों के दौरान सुरक्षा-व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिमाएं सुरक्षित ऊंचाई से अधिक न हों, विसर्जन स्थल वैकल्पिक तरीके से तैयार हों और रावण दहन कार्यक्रम सुरक्षा मानकों के अनुरूप हों। गो-तस्करी और बूचड़खानों पर कठोर कार्रवाई के भी निर्देश दिए।
ग्रेटर नोएडा में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में भारी भीड़ और विदेशी खरीदारों की मौजूदगी को देखते हुए जिला प्रशासन को अलर्ट रहने और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को प्रभारी मंत्रियों, सांसदों और विधायकों से बने कोर ग्रुप के निर्देशों को शीर्ष प्राथमिकता देने और उनकी बैठकों की जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय को देने को कहा।
मुख्यमंत्री ने विकसित उत्तर प्रदेश@2047 के अभियान को जनआंदोलन बनाने के लिए हर स्तर पर प्रयास करने के निर्देश दिए।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में

रॉयल बुलेटिन उत्तर भारत का प्रमुख हिंदी दैनिक है, जो पाठकों तक स्थानीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरें तेज़, सटीक और निष्पक्ष रूप में पहुँचाता है, हिंदी पत्रकारिता का एक भरोसेमंद मंच !