गंगानगर विवि परिसर विवाद मामला: छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुआ समझौता, छात्र बोला-मैं कोई कार्रवाई नहीं चाहता
मेरठ। मेरठ के गंगानगर स्थित आईआईएमटी विश्वविद्यालय परिसर में पिछले दिनों छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुई कहासुनी और विवाद का मामला अब पूरी तरह शांत हो गया है। रविवार को पुलिस द्वारा संज्ञान लिए जाने के बाद इस पूरे प्रकरण में नया मोड़ आया और दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौते का निर्णय लिया है। पीड़ित छात्र ने पुलिस को दिए अपने बयान में स्पष्ट किया है कि यह उनका आपसी मामला है और वह इस संबंध में किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते हैं।
घटना के संदर्भ में जानकारी देते हुए छात्र मोहम्मद सावेज ने बताया कि वह विश्वविद्यालय के हॉस्टल में रहते हैं। रविवार को जब वह परिसर के भीतर जा रहे थे, तब गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों के साथ उनकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। छात्र के अनुसार, सुरक्षाकर्मियों द्वारा शोर मचाने के कारण वहां मौजूद अन्य छात्र भी एकत्र हो गए थे, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई थी। छात्र ने स्पष्ट किया है कि उसका किसी के साथ कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं था।
विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू डॉ. नीरज शर्मा ने इस संबंध में आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि यह परिसर का एक आंतरिक मामला था। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रों और सुरक्षा गार्डों के बीच केवल कहासुनी हुई थी, जिसे अब आपसी बातचीत के माध्यम से सुलझा लिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, सभी संबंधित पक्षों के बीच समझौता हो जाने के कारण अब संस्थान या किसी भी छात्र की ओर से कोई शिकायत लंबित नहीं है।
पुलिस प्रशासन ने भी इस मामले में समझौते की पुष्टि की है। सीओ सदर देहात सुधीर सिंह ने बताया कि छात्र की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। छात्र ने लिखित रूप में अवगत कराया है कि वह इस मामले को आगे नहीं बढ़ाना चाहता। दोनों पक्षों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में समझौता होने के बाद अब इस प्रकरण को बंद कर दिया गया है। विश्वविद्यालय परिसर में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और पठन-पाठन का कार्य सुचारू रूप से चल रहा है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां