मेरठ बना एनसीआर का सबसे प्रदूषित शहर, एयर क्वालिटी इंडेक्स 290 पर पहुंचा
मेरठ। मेरठ इस समय एनसीआर का सबसे प्रदूषित शहर बना हुआ है। सुबह से लोगों का दम घुट रहा है। शहर का औसत एक्यूआई 290 पर पहुंच गया है। मेरठ में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। आज गुरुवार सुबह एयर क्वालिटी इंडेक्स 290 दर्ज किया गया है जो एनसीआर में सबसे ज्यादा है। ठंड और धुंध के बीच शहर की हवा सांस लेने के लिए नहीं रह गई है और फिलहाल किसी राहत के आसार नहीं दिख रहे।
शहर में प्रदुषण कम करने के लिए छिड़काव किया जा रहा है। इसके बाद भी कोई राहत नहीं मिल रही है।
एनसीआर में आज सुबह मेरठ सबसे प्रदूषित हवा वाले शहरों में दर्ज किया गया। शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स लगातार खतरनाक स्तर पर बना हुआ है। एक्यूआई इस समय रेड ज़ोन की श्रेणी तक पहुंच गया है। सुबह के समय ही स्मॉग का असर साफ दिखाई दिया और धुंध के बीच मौसम मलिन नजर आया।
दीपावली के बाद से हवा की गुणवत्ता लगातार खराब और बिगड़ रही है। लगातार बढ़ते प्रदूषण की वजह से लोगों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में हल्की जलन और सीने में भारीपन महसूस हो रहा है।
मौसम विभाग का कहना है कि रात के तापमान में गिरावट के चलते सर्दी बढ़ रही है। वहीं ठंडी हवा और प्रदूषण के कणों के जमाव ने हवा को और खराब कर दिया है। आने वाले दिनों में भी राहत के आसार कम दिख रहे हैं।
स्मॉग और प्रदूषण के बीच अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और एक्यूआई 290 रहा। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और शहरवासी ठंड तथा प्रदूषण से परेशान दिखाई दिए।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। मौसम वैज्ञानिकों ने मंगलवार को इस सीजन का सबसे ठंडा दिन बताया है। दिन का अधिकतम तापमान गिरकर 25 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। आज भी सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और वातावरण में ठंडक घुली रही। हालांकि बारिश नहीं हुई, लेकिन पहाड़ों पर बर्फबारी का असर मैदानों में महसूस होने लगा है।
इसी के साथ प्रदूषण में भी कोई कमी नहीं आई। शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) गुरुवार को 290 रहा है। जो खराब श्रेणी में आता है। सुबह व शाम के समय स्मॉग की परत छाई रहने से लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर और देहात के कई इलाकों में कूड़ा जलाए जाने से प्रदूषण और बढ़ रहा है। इससे प्रदूषण नियंत्रण के प्रयास प्रभावित हो रहे हैं।
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर सूरज देव ने बताया कि पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते रात के तापमान में तेजी से गिरावट आ रही है। अभी दो-तीन दिन मौसम इसी तरह बना रहेगा। सुबह के समय स्मॉग और प्रदूषण का असर ज्यादा दिखाई देगा।
