सोनू कश्यप हत्याकांड: मेरठ में कश्यप समाज का शक्ति प्रदर्शन; छावनी में तब्दील हुई कमिश्नरी, बैरिकेडिंग तोड़ पार्क पर किया कब्जा
मेरठ/मुजफ्फरनगर: सरधना के ज्वालागढ़ में हुई रोहित उर्फ सोनू कश्यप की नृशंस हत्या के विरोध में शुक्रवार को मेरठ की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। प्रशासन द्वारा अनुमति न दिए जाने और भारी पुलिस बल की तैनाती के बावजूद उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई जनपदों से हजारों की संख्या में कश्यप समाज और निषाद पार्टी के कार्यकर्ता मेरठ पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की घेराबंदी को धता बताते हुए कमिश्नरी पार्क पर कब्जा कर लिया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पुलिसिया खुलासे पर उठे सवाल; परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मुजफ्फरनगर के किला मोहल्ला निवासी 28 वर्षीय सोनू कश्यप की हत्या को लेकर परिजनों में गहरा आक्रोश है। सोनू की बड़ी बहन आरती कश्यप ने रोते हुए पुलिस प्रशासन पर असली आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "पुलिस एक नाबालिग को पकड़कर मामले की इतिश्री करना चाहती है, जबकि इस हत्याकांड में कई बड़े चेहरे शामिल हैं। यदि हमें इंसाफ नहीं मिला तो मैं आत्मदाह कर लूंगी।" परिजनों का आरोप है कि पुलिस दोषियों को नामजद करने के बजाय मामले को दबाने का प्रयास कर रही है।
छावनी बना मेरठ; पुलिस और RPF तैनात
हालात की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने सुबह से ही कमिश्नरी परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया था। पुलिस और RPF की दो-दो कंपनियां तैनात की गई थीं और चारों ओर बैरिकेडिंग की गई थी। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने हरियाणा और मैनपुरी के 8 युवकों को हिरासत में लिया, जिन्हें भारी विरोध और सिविल लाइन थाने के घेराव के बाद देर शाम रिहा करना पड़ा।
ज्ञापन के माध्यम से रखी गई 5 प्रमुख मांगें
प्रदर्शनकारियों ने एडीएम सिटी बृजेश सिंह के माध्यम से राष्ट्रपति, सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। समाज की मुख्य मांगें निम्नलिखित हैं:
-
CBI जांच: हत्याकांड की निष्पक्षता के लिए CBI या उच्चस्तरीय जांच की मांग।
-
आर्थिक सहायता: पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की तत्काल आर्थिक मदद।
-
सरकारी नौकरी: मृतक की बहन को घर चलाने के लिए सरकारी नौकरी दी जाए।
-
पुलिस सुरक्षा: गवाहों और परिवार को जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा मुहैया कराई जाए।
-
लूट की बरामदगी: सोनू के पास मौजूद 80 हजार रुपये की बरामदगी और दोषियों की गिरफ्तारी।
क्राइम ब्रांच की SIT करेगी जांच
भारी दबाव और समाज के आक्रोश को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने मामले की जांच अब स्थानीय पुलिस से हटाकर क्राइम ब्रांच की SIT को सौंप दी है। पुलिस का दावा था कि टेंपो चालक ने विवाद के बाद ईंट मारकर हत्या की और पहचान छुपाने के लिए शव को जला दिया था, लेकिन परिजन इस थ्योरी को सिरे से नकार रहे हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)
Youtube – https://www.youtube.com/@RoyalBulletinIndia
Facebook – https://www.facebook.com/royalbulletin
https://www.instagram.com/royal.bulletin/
Twitter – https://twitter.com/royalbulletin
Whatsapp – https://chat.whatsapp.com/Haf4S3A5ZRlI6oGbKljJru
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां