अमरोहा में महाशिवरात्रि पर बवाल: मंदिर के पास कांवड़ियों पर पथराव, सिपाही समेत पांच लहूलुहान
अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में महाशिवरात्रि के पावन पर्व से ठीक पहले सांप्रदायिक तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला छेबड़ा बाइपास स्थित शिव मंदिर के पास शनिवार रात कांवड़ियों के जत्थे पर पथराव किया गया। इस हिंसक झड़प में बीच-बचाव करने पहुंचे एक पुलिस कांस्टेबल समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद पूरे शहर में माहौल गरमा गया है, जिसे देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई है।
डीजे पर भजन और जन्मदिन की पार्टी के बीच विवाद
जानकारी के अनुसार, मोहल्ले के श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर कांवड़ लाए थे और मंदिर परिसर में रुके हुए थे। शनिवार रात करीब 10 बजे मंदिर में डीजे की धुन पर भजन-कीर्तन और नृत्य चल रहा था। आरोप है कि मंदिर से कुछ ही दूरी पर दूसरे समुदाय के कुछ युवक जन्मदिन मना रहे थे। इसी दौरान किसी बात पर आपत्तिजनक टिप्पणी हुई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और मंदिर की ओर पथराव शुरू कर दिया।
पुलिस की मौजूदगी में भी होता रहा पथराव
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन उपद्रवियों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने पुलिस की मौजूदगी में भी हमला जारी रखा। पत्थरबाजी के दौरान बीच-बचाव कर रहे कांस्टेबल शोएब रजा खान के सिर में पत्थर लगने से वह लहूलुहान हो गए। इनके अलावा कांवड़िया चंद्रशेखर, शिखर, विद्या देवी समेत चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
भाजपा नेताओं ने घेरा थाना, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में शिव भक्त और भाजपा नेता कोतवाली पहुंच गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने मौके से हमलावरों की एक स्कूटी बरामद की है। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए डीआईजी मुनिराज जी ने मामले का संज्ञान लिया और एसपी को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जांच जारी, शांति बनाए रखने की अपील
एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और दोषियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति भंग करने वाले किसी भी शरारती तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। एहतियात के तौर पर संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
इसी तरह अपने आसपास और देश प्रदेश की खबरे, सबसे पहले पढ़ने के लिए रॉयल बुलेटिन की वेबसाइट www.royalbulletin.in से जुड़े और रॉयल बुलेटिन को फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और एक्स पर फ़ॉलो और सब्सक्राइब करें। सभी के लिंक कमेंट के नीचे दिए गए है ।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
अभिषेक भारद्वाज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 11 वर्षों से मुरादाबाद मंडल की पत्रकारिता का व्यापक अनुभव है। वे मुरादाबाद के प्रतिष्ठित एसएस न्यूज़ चैनल में संपादकीय प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं। मुरादाबाद की राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय खबरों पर उनकी गहरी पकड़ है। वर्तमान में वे रॉयल बुलेटिन के मुरादाबाद जिला प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां