सहारनपुर: मेयर पर क्लर्क से अभद्रता का आरोप, निगम कर्मचारी धरने पर, कार्यालय बंद
सहारनपुर। नगर निगम में मेयर डॉ.अजय सिंह द्वारा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र विभाग के क्लर्क सुरेंद्र बाबू से की गयी अभद्रता और कथित मारपीट के मामले से आक्रोशित निगम के कर्मचारियों ने सभी विभागांे की तालाबंदी कर दी तथा महापौर द्वारा सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया।
गौरतलब है कि नगर निगम के मेयर डॉ.अजय कुमार सिंह ने विगत् दिवस नगर निगम के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया था। बताया जाता है कि जैसे ही नगर निगम के जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र विभाग में पहंुचे, तो वहां उन्होंने रजिस्टरों का निरीक्षण करने के पश्चात बाबू सुरेन्द्र से जानकारी लेनी चाही, तो इसी दौरान बाबू सुरेन्द्र कुमार द्वारा दिये गये जवाब से महापौर का पारा गरम हो गया। आरोप है कि महापौर डॉ.अजय कुमार सिंह ने बाबू सुरेन्द्र कुमार की गर्दन पकड ली थी तथा नगरायुक्त शिपू गिरी को पत्र लिखकर बाबू सुरेन्द्र कुमार को निलम्बित करने के साथ ही पिछले पांच साल में निगम द्वारा जारी किए गए जन्म मृत्यु प्रमाण पत्रो की जांच कराने के निर्देश भी दिये थे।
आज जैसे ही इस बात की जानकारी निगम कर्मचारियों को मिली तो उन्होंने आक्रोशित विभाग की तालाबंदी करते हुए बाबू सुरेन्द्र कुमार को निलम्बित किए जाने के संबंध में महापौर द्वारा नगरायुक्त को भेजे गए पत्र को अत्याचार बताते हुए धरना शुरू कर दिया। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि घटना से सदमे में आए सुरेंद्र बाबू की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक मेयर डॉ. अजय सिंह सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक धरना जारी रहेगा और निगम के सभी कार्यालय बंद रहेंगे। नगर निगम में कार्य बंद होने से जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, कर, लाइसेंस, स्वच्छता और अन्य जरूरी सेवाएं प्रभावित हो गई हैं। लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
