सहारनपुर: जेबीएस कॉलेज से पक्का बाग तक नगर निगम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया, दुकानदारों से वसूला जुर्माना
सहारनपुर। नगर निगम ने आज मुख्यमंत्री पोर्टल पर आयी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जेबीएस कॉलेज से पक्का बाग तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान करीब दो दर्जन स्थानों से सड़क पर फैलाकर रखा गया सामान हटवाया और दस दुकानदारों से दस हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। कचहरी पुल के निकट भी एक कपडे़ की दुकान पर एक हजार रुपये जुर्माना लगाया गया।
जेबीएस कॉलेज से पक्का बाग तक सड़क पर सामान फैलाकर अतिक्रमण करने की शिकायत कुछ लोगों द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गयी थी। नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर सुबह प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एच बी गुरुंग के नेतृत्व में निगम के अतिक्रमणरोधी दस्ते ने आज जेबीएस कॉलेज तिराहे पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरु किया। सड़क पर रखा अनेक दुकानदारों का सामान उठाकर निगम के वाहनों में रखा जाने लगा तो दुकानदारों में खलबली मच गयी। बाद में दुकानदारों द्वारा भविष्य में अतिक्रमण न किये जाने का आश्वासन देने पर जुर्माना लगाते हुए उनका सामान वापिस कर दिया गया। करीब दो दर्जन दुकानों से अतिक्रमण हटाया गया और दस दुकानदारों से दस हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री पोर्टल पर ही की गयी एक अन्य शिकायत पर कचहरी पुल के निकट एक रेडीमेड गार्मेंट की दुकान का भी चालान किया गया। निगम द्वारा दुकान के बाहर रखा गया सामान जब्त किया गया, लेकिन बाद में एक हजार रुपये जुर्माना वसूल कर चेतावनी के साथ वापिस कर दिया गया। दीवानी कचहरी के पास भी ठेलियों का अतिक्रमण हटाया गया। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एच बी नेगी, सम्पत्ति सुरक्षा अधिकारी हरिप्रकाश कसाना व प्रवर्तन दल की टीम शामिल रही।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
गौरव सिंघल सहारनपुर के एक अनुभवी और प्रतिष्ठित पत्रकार हैं, जो पिछले 18 वर्षों (2007 से) से मीडिया जगत में सक्रिय हैं। पत्रकारिता की बारीकियां उन्होंने विरासत में अपने पिता के मार्गदर्शन में 'अमर उजाला' और 'हिन्दुस्तान' जैसे संस्थानों से सीखीं।
अपने लंबे करियर में उन्होंने इंडिया टुडे (फोटो जर्नलिस्ट), शुक्रवार, इतवार, दैनिक संवाद और यूपी बुलेटिन जैसे दर्जनों प्रतिष्ठित समाचार पत्रों व पत्रिकाओं में अपनी सेवाएं दीं। लेखनी के साथ-साथ कुशल फोटो जर्नलिस्ट के रूप में भी उनकी विशिष्ट पहचान है।
विभिन्न राष्ट्रीय व क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में अनुभव प्राप्त करने के बाद, वर्तमान में गौरव सिंघल सहारनपुर से 'रॉयल बुलेटिन' के साथ जुड़कर अपनी निष्पक्ष और गहरी रिपोर्टिंग से संस्थान को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।

टिप्पणियां