उतार चढ़ाव के बीच बढ़त के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, मजबूती के बावजूद निवेशकों को लगी 46 हजार करोड़ की चपत
नई दिल्ली। लगातार दो कारोबारी दिन गिरावट का सामना करने के बाद आज सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन घरेलू शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद दिन के पहले सत्र में खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में तेजी आ गई। हालांकि दोपहर 11 बजे के थोड़ी देर पहले ही मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से दोनों सूचकांकों की चाल में गिरावट आ गई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.23 प्रतिशत और निफ्टी 0.11 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुए।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान आईटी, पीएसयू बैंक और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में लगातार खरीदारी होती रही। इसी तरह ऑयल एंड गैस और टेक इंडेक्स भी मजबूती के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, मेटल, फार्मास्युटिकल्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों में आज लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा। इसके अलावा पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल और एफएमसीजी इंडेक्स भी कमजोरी के साथ बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में आज मिला-जुला कारोबार होता रहा। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.15 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। दूसरी ओर, स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.45 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई मजबूती के बावजूद स्मॉलकैप शेयरों में हुई बिकवाली के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 45 हजार करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 467.72 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 468.18 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 46 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,394 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,875 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,360 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 159 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,908 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,233 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,675 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 12 शेयर बढ़त के साथ और 18 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 23 शेयर हरे निशान में और 27 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 288.08 अंक की मजबूती के साथ 83,670.79 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद बाजार में कुछ देर तक मामूली उतार चढ़ाव होता रहा। पहले आधे घंटे के कारोबार के बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे अगले 1 घंटे में सेंसेक्स 752.26 अंक की तेजी के साथ 84,134.97 अंक तक पहुंच गया।
इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में भी कमजोरी आ गई। राहत की बात यही रही कि मुनाफा वसूली के चक्कर में हुई बिकवाली के बावजूद ये सूचकांक दिन भर ग्रीन जोन में ही बना रहा। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 564.62 अंक फिसल कर 187.64 अंक की तेजी के साथ 83,570.35 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने 30.45 अंक उछल कर 25,696.05 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती आधे घंटे के कारोबार में इस सूचकांक की चाल मामूली उतार चढ़ाव के साथ आगे बढ़ती रही। इसके बाद खरीदारों ने आक्रामक अंदाज में लिवाली शुरू कर दी, जिससे अगले 1 घंटे के कारोबार में निफ्टी 207.90 अंक की छलांग लगा कर 25,873.50 अंक तक पहुंच गया। हालांकि ये मजबूती टिकाऊ नहीं हो सकी। इस स्तर पर मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक की चाल में गिरावट आ गई।
लगातार हो रही बिकवाली की वजह से ये सूचकांक कुछ देर के लिए लाल निशान में 3.20 अंक की कमजोरी के साथ 25,662.40 अंक तक भी आया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट के कारण हुई खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी निचले स्तर से 30 अंक से अधिक की रिकवरी करके 28.75 अंक की मजबूती के साथ 25,694.35 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से इंफोसिस 5.63 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 5.16 प्रतिशत, विप्रो 2.79 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजी 1.77 प्रतिशत और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 1.51 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, एटरनल 3.86 प्रतिशत, जियो फाइनेंशियल 2.86 प्रतिशत, सिप्ला 2.58 प्रतिशत, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 2.17 प्रतिशत और एशियन पेंट्स 2.03 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)
Youtube – https://www.youtube.com/@RoyalBulletinIndia
Facebook – https://www.facebook.com/royalbulletin
https://www.instagram.com/royal.bulletin/
Twitter – https://twitter.com/royalbulletin
Whatsapp – https://chat.whatsapp.com/Haf4S3A5ZRlI6oGbKljJru
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां