मुजफ्फरनगर: आश्वासन की स्याही से पिघला किसानों का गुस्सा, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर धरना समाप्त

मुजफ्फरनगर (बुढ़ाना)। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर पिछले कई दिनों से जारी किसानों का उग्र आंदोलन आखिरकार प्रशासनिक हस्तक्षेप और राजनीतिक पहल के बाद समाप्त हो गया। बिराल गांव के किसानों द्वारा मुआवजे, अधूरे निर्माण कार्यों और सर्विस रोड जैसी मांगों को लेकर दिया जा रहा धरना अधिकारियों के लिखित आश्वासन के बाद खत्म हुआ, जिसके बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात पुनः सामान्य हो सका।
प्रशासनिक अमले और भाजपा नेताओं ने संभाली कमान
सोमवार को धरना स्थल पर तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए एसडीएम बुढ़ाना कृष्णकांत विश्वकर्मा, सीओ गजेन्द्र पाल सिंह और इंस्पेक्टर सुभाष अत्री भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। साथ ही NHAI के मैनेजर सत्यम भी मौजूद रहे। वार्ता में भाजपा नेता नितिन मलिक ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने मौके से ही जिलाधिकारी और एसएसपी से सीधा संवाद कर किसानों की जायज मांगों पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। लंबी वार्ता के बाद प्रशासन और NHAI के अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं के समाधान का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद किसान शांत हुए।
इन प्रमुख मांगों पर बनी सहमति:
प्रशासन और NHAI ने किसानों को निम्नलिखित बिंदुओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिया है:
-
अधूरे निर्माण: अंडरपास का पूर्ण निर्माण तत्काल कराया जाएगा और सर्विस रोड के काम में तेजी लाई जाएगी।
-
मुआवजा प्रकरण: जमीन, ट्यूबवेल और फसल नुकसान के मुआवजे से जुड़े लंबित मुद्दों का जल्द निस्तारण होगा।
-
तकनीकी समस्याएं: एक्सप्रेसवे निर्माण के कारण ग्रामीणों को हो रही अन्य तकनीकी व स्थानीय समस्याओं को प्राथमिकता पर हल किया जाएगा।
क्षेत्रीय गणमान्य और किसान रहे मौजूद
धरना समाप्ति के अवसर पर कुशवाहा चौबीसी के अध्यक्ष नरेन्द्र ठाकुर, पूर्व अध्यक्ष घासीराम ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य प्रमोद कश्यप, बिराल ग्राम प्रधान मन्नू ठाकुर, पूर्व प्रधान दीपक ठाकुर, ब्रह्मपाल सिंह, अंकुश, संदीप और भीम सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। आंदोलन खत्म होने से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से गुजरने वाले हजारों राहगीरों ने भी राहत की सांस ली है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार अरविन्द कुमार 'पीटीआई' वर्ष 2003 से निरंतर रॉयल बुलेटिन परिवार के एक मजबूत स्तंभ के रूप में सक्रिय हैं। पिछले दो दशकों से अधिक समय से आप बुढ़ाना की ज़मीनी समस्याओं, स्थानीय राजनीति और सामाजिक घटनाक्रमों को पूरी निष्पक्षता के साथ जनता और प्रशासन के सामने रख रहे हैं। क्षेत्र की खबरों पर गहरी पकड़ और वर्षों का अटूट अनुभव आपको बुढ़ाना की पत्रकारिता का सबसे विश्वसनीय चेहरा बनाता है। क्षेत्र की खबरों, समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9412842664 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां