मुजफ्फरनगर: दबंगों का दुस्साहस! घर में घुसकर महिलाओं से अभद्रता, विरोध करने पर युवक को लहूलुहान किया; मेड़ तोड़ने पर हुआ था विवाद

मुजफ्फरनगर (छपार)। जनपद के थाना छपार क्षेत्र के गांव तेजलहेड़ा में दबंगों के हौसले बुलंद हैं। खेत की मेड़ तोड़ने का विरोध करने पर दबंगों ने एक किसान के घर में घुसकर जमकर तांडव मचाया। आरोपियों ने न केवल घर की महिलाओं के साथ बदसलूकी की, बल्कि बीच-बचाव करने आए एक युवक को भी बुरी तरह पीट दिया। पुलिस ने इस मामले में दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
खेत से शुरू हुआ विवाद, घर तक पहुँचा 'तांडव'
पीड़ित किसान यशवीर सिंह ने बताया कि विवाद की शुरुआत 18 फरवरी को हुई थी, जब वह अपने खेत में पानी दे रहा था। आरोप है कि गांव के ही रामदास और अजय वहां पहुंचे और जबरन मेड़ तोड़कर पानी अपने खेत की ओर मोड़ लिया। उस समय यशवीर विवाद टालकर घर आ गया, लेकिन आरोपियों की रंजिश खत्म नहीं हुई।
महिलाओं से बदसलूकी और युवक की पिटाई
20 फरवरी को दोनों आरोपी रंजिश के चलते यशवीर के घर में घुस आए। उस समय घर के पुरुष सदस्य बाहर थे। दबंगों ने घर की महिलाओं के साथ अभद्रता और गाली-गलौज शुरू कर दी। शोर सुनकर जब यशवीर का भतीजा रमन मौके पर पहुँचा और विरोध किया, तो आरोपियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। शोर-शराबा होने पर जब पड़ोसी इकट्ठा हुए, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
फैसले का दबाव, फिर पुलिस की शरण
पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना के बाद गांव में पंचायत के जरिए फैसले के प्रयास किए गए, लेकिन दबंगों के अड़ियल रवैये के कारण बात नहीं बनी। पीड़ित परिवार ने आरोपियों को दबंग किस्म का बताते हुए अपनी जान का खतरा जताया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रामदास और अजय के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
यह 'रॉयल बुलेटिन' न्यूज़ नेटवर्क का आधिकारिक संपादकीय डेस्क (Editorial Desk) है। यहाँ से मुज़फ्फरनगर, नोएडा और देशभर के हमारे विस्तृत रिपोर्टिंग नेटवर्क से प्राप्त समाचारों को प्रमाणित और संपादित करने के बाद पाठकों तक पहुँचाया जाता है। हमारी डेस्क टीम 24x7 सक्रिय रहती है ताकि आप तक सबसे सटीक, विश्वसनीय और निष्पक्ष खबरें बिना किसी देरी के पहुँच सकें। न्यूज़ रूम से संबंधित सूचनाओं और प्रेस विज्ञप्ति के लिए आप हमें news@royalbulletin.in पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां