कैराना: अवैध कॉलोनियों पर चला मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण का बुलडोजर

शामली। शामली जनपद के कैराना क्षेत्र में अवैध निर्माण और बिना नक्शा पास कराए विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ कैराना के विभिन्न हिस्सों में बुलडोजर चलाकर अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। इस बड़ी कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया है।
प्राधिकरण के सहायक अभियंता हितेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के दौरान शामली बाईपास फ्लाईओवर से लेकर खुरगान भूरा बाईपास फ्लाईओवर के बीच के क्षेत्र को निशाना बनाया गया। यहाँ कुछ भू-माफियाओं द्वारा बिना किसी विधिक अनुमति के बड़े पैमाने पर कॉलोनियां विकसित की जा रही थीं। मौके पर प्लॉटिंग के लिए ईंटों से निशानदेही की गई थी और दुकानों का निर्माण कार्य भी शुरू करने की तैयारी थी।
मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण को सूचना मिली थी कि बाईपास के निकटवर्ती क्षेत्रों में नियमों को ताक पर रखकर अवैध रूप से प्लाट बेचे जा रहे हैं। जांच में निर्माण कार्य पूरी तरह अवैध पाए जाने के बाद बुलडोजर की मदद से ईंटों की दीवारों और अवैध निशानदेही को जमींदोज कर दिया गया। किसी भी संभावित विरोध को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।
अधिकारियों ने भू-स्वामियों और कॉलोनाइजरों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि बिना प्राधिकरण की स्वीकृति और नक्शा पास कराए किसी भी प्रकार का निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्राधिकरण ने आम जनता को भी सतर्क करते हुए अपील की है कि वे अपनी मेहनत की कमाई निवेश करने से पहले भूमि की वैधता और स्वीकृत मानचित्र की जांच अवश्य कर लें। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ इस तरह का अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
रविता ढांगे 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और डिजिटल न्यूज़ डेस्क के प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने अपने पेशेवर करियर की शुरुआत 'समाचार टुडे' से की थी, जहाँ उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों और न्यूज़ ऑपरेशन्स के बुनियादी सिद्धांतों को सीखा।
रविता ढांगे की सबसे बड़ी विशेषता उनकी मजबूत तकनीकी पृष्ठभूमि है; उन्होंने BCA, PGDCA और MCA (Master of Computer Applications) जैसी उच्च डिग्रियां प्राप्त की हैं। उनकी यह तकनीकी विशेषज्ञता ही 'रॉयल बुलेटिन' को डिजिटल रूप से सशक्त बनाती है। वर्ष 2022 से संस्थान का अभिन्न हिस्सा रहते हुए, वे न केवल खबरों के संपादन में निपुण हैं, बल्कि न्यूज़ एल्गोरिदम और डेटा मैनेजमेंट के जरिए खबरों को सही दर्शकों तक पहुँचाने में भी माहिर हैं। वे पत्रकारिता और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) के बेहतरीन संगम का प्रतिनिधित्व करती हैं, जिससे पोर्टल की डिजिटल रीच और विश्वसनीयता में निरंतर वृद्धि हो रही है।

टिप्पणियां