मुजफ्फरनगर: गेहूं के बीच लहलहा रही थी अफीम की फसल, पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक से फैली सनसनी
नरा जड़ौदा में खेत पर छापामारी के दौरान बरामद किए 1100 पौधे, आरोपी आरोपी फरार

मुजफ्फरनगर। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध जारी अभियान में मंसूरपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव नरा जड़ौदा में छापेमारी कर प्रतिबंधित अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है। खेत से भारी मात्रा में अफीम के पौधे बरामद होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
मंसूरपुर थाना प्रभारी आनंद देव मिश्रा को सूचना मिली थी कि नरा जड़ौदा निवासी फिरोजू पुत्र अकबर अली ने अपने खेत में चोरी-छिपे प्रतिबंधित अफीम उगाई हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर खेत पर छापा मारा। पुलिस तब दंग रह गई जब खेत के एक बड़े हिस्से में अफीम के हरे-भरे पौधे नजर आए। पुलिस ने गहनता से खेत की तलाशी ली और वहां से करीब 1100 अफीम के पौधे बरामद किए। इन पौधों को पुलिस ने कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर रखवाया और अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू की। हालांकि, पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही मुख्य आरोपी फिरोजू मौके से भागने में सफल रहा।
बड़े नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी आनंद देव मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। हम इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि यह खेती केवल स्थानीय स्तर पर थी या इसके पीछे कोई बड़ा ड्रग सिंडिकेट काम कर रहा है।
नशे के सौदागरों में हड़कंप
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध नशे के सौदागरों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी इस तरह की संदिग्ध खेती या अवैध गतिविधि दिखाई दे, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप त्यागी पिछले दो दशकों (20 वर्ष) से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक अटूट और विश्वसनीय स्तंभ हैं। दो दशकों के अपने इस लंबे सफर में आपने मुज़फ्फरनगर की हर छोटी-बड़ी राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक हलचल को बेहद करीब से देखा और अपनी लेखनी से जनता की आवाज़ बुलंद की है। वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में जिला प्रभारी की ज़िम्मेदारी निभा रहे श्री त्यागी अपनी ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए पूरे जिले में पहचाने जाते हैं। जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9027803022 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां