खुशी के बीच छिड़ा 'पोस्टर वॉर': मोरना मिल के क्रेडिट पर भिड़े सांसद और विधायक, होर्डिंग से फोटो गायब होने पर भड़कीं मिथिलेश पाल
मुजफ्फरनगर/मोरना। मोरना चीनी मिल के विस्तारीकरण के लिए 261.91 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक मंजूरी क्या मिली, मीरापुर की राजनीति में 'अपनों' के बीच ही तलवारें खिंच गईं। शनिवार को मिल परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उस समय असहज स्थिति पैदा हो गई, जब मीरापुर विधायक मिथिलेश पाल अपनी फोटो बैनर-होर्डिंग्स से गायब देखकर बिफर गईं। आलम यह रहा कि सांसद चंदन चौहान के बार-बार बुलाने के बावजूद उन्होंने मंच पर बैठने से इनकार कर दिया, जिसे देख वहां मौजूद कैबिनेट मंत्री और पदाधिकारियों के पसीने छूट गए।
दरअसल, मोरना चीनी मिल का विस्तारीकरण बिजनौर सांसद चंदन चौहान का ड्रीम प्रोजेक्ट रहा है। शनिवार को जब वे कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार के साथ इसकी प्रेस वार्ता करने पहुँचे, तो मंच पर लगे मुख्य बैनर से क्षेत्रीय विधायक मिथिलेश पाल की तस्वीर नदारद थी। इसे देख विधायक और उनके समर्थक भड़क गए। विधायक ने न केवल मंच पर जाने से मना किया, बल्कि महापुरुषों के चित्रों पर सामूहिक माल्यार्पण का भी बहिष्कार कर दिया। बाद में पूर्व मंत्री योगराज सिंह के मनाने पर उन्होंने अकेले में माल्यार्पण किया।
कैबिनेट मंत्री को पकड़ना पड़ा हाथ, तब चढ़ा 'पारा' शांत
मामला बिगड़ता देख उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार खुद मंच से नीचे उतरे। उन्होंने काफी देर तक विधायक मिथिलेश पाल को मनाया और आखिरकार उनका हाथ पकड़कर उन्हें जबरन मंच तक ले गए और अपने बगल वाली कुर्सी पर बैठाया। इस दौरान विधायक के समर्थकों ने साफ़ कहा कि "जब फोटो ही नहीं लगाया तो वहां जाने की क्या जरूरत है।" हालांकि, मंत्री के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ लेकिन मनमुटाव की लकीरें साफ़ नजर आईं।
क्रेडिट लेने की होड़ और पुरानी टीस आई सामने
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यह विवाद केवल एक पोस्टर का नहीं, बल्कि 'क्रेडिट' लेने की होड़ का है। चंदन चौहान इसे अपनी बरसों की मेहनत बता रहे हैं, तो मिथिलेश पाल इसे अपनी विधायकी के कार्यकाल की उपलब्धि। गौरतलब है कि चंदन चौहान के सांसद बनने के बाद मीरापुर सीट पर उनकी पत्नी यशिका चौहान का टिकट कटकर मिथिलेश पाल को मिला था, तभी से दोनों गुटों के बीच समन्वय की कमी की चर्चाएं थीं। शनिवार को मोरना मिल के मंच पर यह आपसी खींचतान सार्वजनिक हो गई, जिसने पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी की पोल खोल दी है।
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)
Youtube – https://www.youtube.com/@RoyalBulletinIndia
Facebook – https://www.facebook.com/royalbulletin
Instagram: https://www.instagram.com/royal.bulletin/
Twitter – https://twitter.com/royalbulletin
Whatsapp – https://chat.whatsapp.com/Haf4S3A5ZRlI6oGbKljJru
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकार नरेंद्र बालियान पिछले 6 वर्षों से मुज़फ्फरनगर के भोपा, मोरना और ककरौली क्षेत्र में 'रॉयल बुलेटिन' के प्रतिनिधि के रूप में निरंतर सक्रिय हैं। क्षेत्र की भौगोलिक और सामाजिक स्थितियों की गहरी समझ रखने वाले नरेंद्र बालियान ग्रामीण समस्याओं और विकास कार्यों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। पिछले 6 सालों में उन्होंने अपनी निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से भोपा-मोरना क्षेत्र की जनता और प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य किया है। क्षेत्र की खबरों और सूचनाओं के लिए आप उनसे मोबाइल नंबर 7906131417 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां