वाहन खरीदने में बीती तिमाही में यूपी, महाराष्ट्र, गुजरात के लोग रहे सबसे आगे
नयी दिल्ली। वाहन खरीदने के मामले में चालू वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात के लोग सबसे आगे रहे। वाहन निर्माता कंपनियों के संगठन सियाम द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया गया है कि वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) के दौरान देश में कुल 12.76 लाख यात्री वाहन बिके। इसमें 12.4 प्रतिशत के साथ महाराष्ट्र पहले स्थान पर रहा जिसमें 1.58 लाख वाहन बिके। उत्तर प्रदेश 10.8 फीसदी के साथ दूसरे और गुजरात 8.2 फीसदी के साथ तीसरे स्थान पर रहा। यात्री वाहनों में कार, उपयोगी वाहन और वैन आते हैं।
घरेलू बाजार में तिमाही के दौरान दुपहिया की कुल बिक्री 56.96 लाख इकाई रही। सबसे ज्यादा 8.62 लाख इकाई (15.1 प्रतिशत) की बिक्री उत्तर प्रदेश में हुई। महाराष्ट्र (11.3 प्रतिशत) दूसरे, तमिलनाडु (8.0 प्रतिशत) तीसरे और गुजरात (7.4 प्रतिशत) चौथे स्थान पर रहा।
खास बात यह है कि कुछ राज्य जो यात्री वाहनों की खरीद में काफी पीछे थे, दुपहिया की खरीद में काफी आगे दिख रहे हैं। वहीं, कुछ राज्यों की स्थिति इसके विपरीत है। मसलन, यात्री वाहनों की बिक्री में 2.1 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ 15वें स्थान पर रहने वाला बिहार दुपहिया के मामले में छह फीसदी हिस्सेदारी के साथ पांचवें स्थान पर है।
इसी प्रकार, यात्री वाहनों में 13वें स्थान (2.7 प्रतिशत) पर रहने वाला पश्चिम बंगाल दुपहिया में 4.5 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ नौवें स्थान पर पहुंच गया। इसके विपरीत, यात्री वाहनों में 6.6 प्रतिशत की हिस्सेदारी के साथ छठा स्थान हासिल करने वाला हरियाणा दुपहिया में 3.1 फीसदी के साथ 11वें स्थान पर फिसल गया। तिपहिया की बिक्री में 25 हजार इकाई (11.7 प्रतिशत) के साथ गुजरात ने बाजी मारी। उत्तर प्रदेश 11.5 प्रतिशत और महाराष्ट्र 11.2 प्रतिशत के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। तिमाही के दौरान देश में कुल 2.15 लाख तिपहिया वाहन बिके। वाणिज्यिक वाहनों की कुल घरेलू बिक्री तिमाही में 2.90 लाख रही। इसमें 46 हजार इकाई यानी 15.9 प्रतिशत के साथ महाराष्ट्र पहले स्थान पर रहा। इसके बाद क्रमशः गुजरात (9.1 प्रतिशत) और उत्तर प्रदेश (8.3 प्रतिशत) का स्थान रहा।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां