गाजियाबाद के तुलसी निकेतन में फ्लैट में आग, महिला और छह वर्षीय बच्ची अचेत अवस्था में मिलीं


गाजियाबाद। गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र के तुलसी निकेतन में देर रात एक फ्लैट में आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। दमकलकर्मियों और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आग पर काबू पाया गया, लेकिन मौके से एक महिला और उसकी छह वर्षीय बच्ची अचेत अवस्था में मिलीं, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ताला तोड़कर किया गया रेस्क्यू
घटना शनिवार देर रात करीब 2:25 बजे तुलसी निकेतन चौकी क्षेत्र के फ्लैट नंबर 61ए में हुई। वैशाली कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी फायर टेंडर दल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
घटनास्थल पर पाया गया कि फ्लैट के बाहर ताला लगा हुआ था औरअंदर से घना धुआं निकल रहा था। पुलिस की मदद से ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। कमरे में रखा फ्रिज जल रहा था और पूरा मकान धुएं से भरा हुआ था।
दमकलकर्मियों ने तेजी से आग पर काबू पाया और खिड़की-दरवाजे खोलकर धुआं बाहर निकाला। अंदर तलाशी के दौरान एक महिला और एक छोटी बच्ची फर्श पर अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं।
जी.टी.बी. हॉस्पिटल में भर्ती
पड़ोसी महिलाओं की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया और हेड कांस्टेबल मुकुल शर्मा व कॉन्स्टेबल दीपक की सहायता से तुरंत जी.टी.बी. हॉस्पिटल, दिल्ली ले जाया गया।
घायल महिला की पहचान सब्बी परवीन उर्फ पिंकी (30 वर्ष) पत्नी मो. जाकिर के रूप में हुई है, जबकि बच्ची का नाम साइना परवीन (6 वर्ष) बताया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह परिवार दो दिन पूर्व ही इस फ्लैट में किराए पर रहने आया था। महिला के पति मो. जाकिर ऑटो चालक हैं और मूल रूप से बुलंदशहर के निवासी हैं, जबकि घायल महिला बिहार के किशनगंज की रहने वाली हैं। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।
