गाजियाबाद: गैस किल्लत और महंगाई के खिलाफ 'आप' का जोरदार प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट पर सौंपा ज्ञापन
गाजियाबाद। देशभर में गहराते रसोई गैस संकट और एलपीजी की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि के विरोध में शनिवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने गाजियाबाद जिला मुख्यालय पर जबरदस्त प्रदर्शन किया। राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व जिला उपाध्यक्ष विजय शर्मा ने किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को जनविरोधी बताते हुए महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
छोटे कारोबारियों पर मंडराया आर्थिक संकट
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश प्रवक्ता तरुणिमा श्रीवास्तव ने कहा कि गैस की किल्लत के कारण होटल, ढाबा, रेस्तरां और स्ट्रीट फूड से जुड़े लाखों कारोबारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों की वजह से जनता एक बार फिर गैस के लिए लंबी लाइनों में लगने को मजबूर है। महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है और रसोई चलाना दूभर हो गया है।
ये भी पढ़ें नोएडा : फैक्ट्री में भीषण आग, 32 लोग अस्पताल में भर्ती; 250 के करीब लोग नाइट शिफ्ट में कर रहे थे कामविदेश नीति और आर्थिक नुकसान पर उठाए सवाल
जिला उपाध्यक्ष विजय शर्मा ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि अमेरिका के दबाव में रूस से सस्ता तेल खरीदना कम कर दिया गया है, जिससे देश को सालाना 8 लाख करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी तनाव के बीच सरकार के पास ऊर्जा आपूर्ति को लेकर कोई ठोस रणनीति नहीं है। साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि ऊर्जा क्षेत्र में निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने की मंशा से आम जनता पर महंगाई का बोझ डाला जा रहा है।
उद्योगों के बंद होने से बेरोजगारी का खतरा
विजय शर्मा ने गुजरात के मोरबी जैसे औद्योगिक क्षेत्रों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां सैकड़ों उद्योग बंद हो चुके हैं, जिससे लाखों लोगों के रोजगार पर संकट है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते महंगाई और ऊर्जा संकट पर प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो देश की आर्थिक स्थिति और अधिक गंभीर हो जाएगी।
आम आदमी पार्टी की प्रमुख मांगें:
-
घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में की गई हालिया वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए।
-
पेट्रोल और डीजल की कीमतों के नियंत्रण के लिए एक पारदर्शी और जवाबदेह नीति बनाई जाए।
-
गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी दी जाए।
-
महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर केंद्र सरकार स्पष्ट और जवाबदेह नीति घोषित करे।
चेतावनी: देशभर में होगा जन आंदोलन
प्रदर्शन के अंत में पार्टी नेताओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि केंद्र सरकार ने जनता को राहत देने के लिए तुरंत कदम नहीं उठाए, तो आम आदमी पार्टी देशभर में व्यापक जन आंदोलन तेज करेगी। इस मौके पर मुरादनगर विधानसभा अध्यक्ष, गाजियाबाद विधानसभा अध्यक्ष मुकेश प्रजापति, जतिन शर्मा, स्वतंत्र यादव, एसपी सिसोदिया, पीयूष राठी, कृष्णा झा, रजनीश तेवतिया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां