गाजियाबाद: कोर्ट परिसर का होगा कायाकल्प, महापौर ने न्यायाधीशों के साथ किया निरीक्षण
गाजियाबाद। गाजियाबाद नगर निगम की महापौर सुनीता दयाल ने शुक्रवार को जिला न्यायालय परिसर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न्यायाधीशों के साथ पूरे परिसर का मुआयना किया और कोर्ट आने वाले अधिवक्ताओं, वादकारियों एवं अन्य आगंतुकों के लिए सुविधाओं को बेहतर बनाने और परिसर के सौंदर्यीकरण का भरोसा दिलाया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से जिला जज (डीजे) विनोद कुमार रावत, एडीजे प्रथम अनिल कुमार, एडीजे नीरज गौतम और एसीजेएम चतुर्थ मानस वत्स उपस्थित रहे। महापौर ने न्यायाधीशों के साथ कोर्ट परिसर के कोने-कोने का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पाया कि परिसर में आगंतुकों के बैठने के लिए बेंचों की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता है। साथ ही पार्कों में साफ-सफाई, हरियाली (ग्रीनरी) और कचरा निस्तारण के लिए डस्टबिन लगाने के निर्देश दिए।
महापौर सुनीता दयाल ने रात्रि के समय सुरक्षा और सुविधा के मद्देनजर बेहतर प्रकाश व्यवस्था और जर्जर सड़कों की मरम्मत पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सुचारू सड़कें और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जाए।
मीडिया से बातचीत में महापौर ने कहा कि यह सुखद है कि न्यायालय के न्यायाधीश भी अपने परिसर की बेहतरी के लिए चिंतित हैं। हमारा लक्ष्य है कि शहर का न्यायालय परिसर साफ-सुथरा और आधुनिक सुविधाओं से लैस दिखे। स्थानीय वकीलों और बाहर से आने वाले लोगों को एक स्वच्छ परिवेश मिल सके, इसके लिए जल्द ही एक विस्तृत योजना बनाकर निर्माण और सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां